Buland kesari/बुलंदशहर में बर्थडे बॉय ने भाजपा सभासद के भाई, चचेरे भाई और भतीजे की हत्या कर दी। वारदात शनिवार देर रात 12 बजे जिम में हुई, जहां पार्टी चल रही थी। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि सभासद के चचेरे भाई ने बर्थडे बॉय के चेहरे पर केक लगा दिया था।
इससे वह भड़क गया। पहले कहासुनी हुई। फिर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर भाजपा के भाइयों-भतीजे पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। तीनों की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी भाग गए।
मामला खुर्जा के RJS फिटनेस जिम का है। मुख्य आरोपी जीतू सैनी बसपा का नगर अध्यक्ष रह चुका है। फायरिंग में मनीष सैनी (30), आकाश सैनी (19) और अमरदीप सैनी (32) की मौत हुई है। मनीष वार्ड नंबर- 24 के भाजपा सभासद संजय सैनी के छोटे भाई थे। आकाश उनके भतीजे और अमरदीप चाचा के लड़के थे।
रविवार दोपहर करीब 2:45 बजे मृतक मनीष सैनी की मां अयोध्या से खुर्जा पहुंचीं। रोते-रोते वह बेसुध हो गईं। बड़ी मुश्किल से लोगों ने उन्हें संभाला। इसके बाद शाम करीब 4 बजे तीनों शव कड़ी सुरक्षा में घर पहुंचे। फिर शाम करीब 6 बजे तीनों का एक साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया।
वारदात के बाद से इलाके में तनाव है। भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है। आसपास के बाजार बंद हैं। जगह-जगह बैरिकेडिंग कर चप्पे-चप्पे की निगरानी की गई। 10 थानों के 100 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने इलाके में फ्लैग मार्च किया। एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर के आदेश पर मामले की जांच के लिए एसआईटी बनाई गई है, जिसकी कमान आईपीएस अंतरिक्ष जैन को सौंपी गई है।
वारदात से जुड़ी तस्वीरें देखिए-





अमरदीप की बहन बोली- हमें खून के बदले खून चाहिए अमरदीप की पत्नी सिमरन का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने हाथ जोड़कर कहा कि मुझे इंसाफ चाहिए। सब कुछ प्लानिंग के तहत हुआ। पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। बहन राधा ने कहा कि आरोपियों के घर और फैक्ट्रियों पर बुलडोजर चलना चाहिए। हमें खून के बदले खून चाहिए।
वहीं, मनीष की बहन रजनी ने कहा- भाई को दावत के बहाने बुलाया गया और फिर उन्हें बेवजह मार दिया गया। मुझे भाई के खून का बदला चाहिए। सीएम योगी से मांग है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
10 लोगों पर FIR, 4 हिरासत में
- भाजपा सभासद संजय सैनी ने बताया कि जीतू का शनिवार को बर्थडे था। उसने पार्टी में दोस्तों को बुलाया था। मेरा भाई, चचेरा भाई और भतीजा पार्टी में शामिल होने गए थे। भाई के दोस्त और जिम संचालक रूपेश सैनी ने मुझे फोन कर घटना की सूचना दी। आनन-फानन में मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।
- पुलिस के मुताबिक, जीतू सैनी और मयंक सैनी मुख्य आरोपी हैं। जीतू ने मयंक की पिस्टल से फायरिंग की। वारदात के बाद वे CCTV का डीवीआर अपने साथ लेकर भाग गए हैं। पुलिस ने जीतू-मयंक समेत 10 लोगों पर FIR दर्ज की है। 4 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बाकी की तलाश जारी है।
- एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर ने बताया- 8 टीमें इस केस पर काम कर रही हैं। प्रारंभिक जांच में .32 बोर रिवॉल्वर से गोली चलने की बात सामने आ रही है। हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी 48 घंटे में रिपोर्ट मांगी गई है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








