Buland kesari/अमृतसर के मजीठा रोड स्थित एसजी इनक्लेव में शनिवार रात लगभग 100 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन को लेकर एक बड़ा विवाद सामने आया है, जिसने इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है। यह मामला लगभग 40 एकड़ जमीन से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है, जिस पर दो पक्षों के बीच लंबे समय से स्वामित्व को लेकर विवाद चल रहा था। अब यह विवाद खुलकर सामने आ गया है, जब दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाने लगे।
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच प्लॉट और साझा जमीन के उपयोग को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हंगामे और झगड़े में बदल गई। घटना की सूचना 112 हेल्पलाइन पर मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
इस दौरान कुछ लोगों के घायल होने की भी जानकारी मिली, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच जारी, डीएसपी ने कहा-निष्पक्ष कार्रवाई होगी
डीएसपी यादविंदर सिंह ने बताया कि मामले की जांच निष्पक्ष रूप से की जा रही है और दोनों पक्षों की बात सुनी जा रही है। उन्होंने कहा कि जो भी तथ्य और सबूत सामने आएंगे, उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पीड़ित पक्ष के प्रतिनिधि हरिंदर सिंह ढिल्लों ने आरोप लगाया है कि यह जमीन साल 2000 में संयुक्त रूप से खरीदी गई थी और इसमें उनकी 50 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
धरना देते समय हुई घटना
उनका कहना है कि कुछ लोग फर्जी दस्तावेजों और एनओसी के आधार पर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इंसाफ के लिए शांतिपूर्ण धरना दे रहे थे इसी दौरान उनके परिवार के साथ मारपीट की गई और उन्हें जबरन हटाने की कोशिश की गई
पीड़ित पक्ष के गंभीर आरोप, धमकियों का दावा
ढिल्लों ने दावा किया कि इस घटना में कुछ प्रभावशाली लोग और प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े व्यक्ति शामिल हैं। उन्होंने अपने परिवार के लिए सुरक्षा की मांग की है और कहा है कि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








