Buland kesari/पंजाब के CM भगवंत मान के चचेरे भाई ज्ञान सिंह सोमवार को BJP में शामिल हो गए हैं। उन्हें चंडीगढ़ में हरियाणा के सीएम नायब सैनी और पंजाब BJP प्रधान सुनील जाखड़ ने पार्टी जॉइन कराई। वह लोकसभा और विधानसभा चुनावों में AAP के कैंपेन इंचार्ज रहे।
संगरूर के गांव सतौज के रहने वाले ज्ञान सिंह मान ने साल 2012 के विधानसभा चुनाव से अपना सफर शुरू किया। 2013 में आम आदमी पार्टी के गठन के समय से ही संगठन की मजबूती के लिए कार्य किया। वह 2014 से 2022 तक संगरूर सांसद कार्यालय के प्रभारी रहे।
2022 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री भगवंत मान के चुनाव क्षेत्र धुरी के कार्यालय प्रभारी के रूप में मुख्य भूमिका निभाई। भाजपा में उनकी जॉइनिंग को खासकर मालवा क्षेत्र में पार्टी की मजबूती के तौर पर देखा जा रहा है।
इस दौरान हरियाणा सीएम और बीजेपी प्रधान ने AAP को घेरा। जाखड़ ने ED की रेड को लेकर कहा कि- ये नहीं रुकेंगी। सबका हिसाब होगा।

पंजाब BJP प्रधान और हरियाणा सीएम की अहम बातें…
- मान के घर के साथ BJP का झंडा भी लगेगा: पंजाब बीजेपी प्रधान सुनील जाखड़ ने कहा कि सतौज गांव से आज सीएम के चचेरे भाई ज्ञान सिंह ने भाजपा जॉइन की है। हमने पहले ही कहा था कि बंझ बराबर गड्डांगे (ईंट का जवाब पत्थर से देंगे) और आज हमने कर दिया। अब भगवंत मान के घर के साथ ही भाजपा का झंडा भी लगेगा। मैं इनका बीजेपी में स्वागत करता हूं।
- पंजाब सरकार एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर रही: उन्होंने कहा कि मैं आज के हालातों के बारे में बताना चाहता हूं कि पिछले 2-4 दिनों से ईडी रेड की दुहाई सुन रहा हूं। मैं आपको बताना चाहता हूं कि भाजपा जॉइन करने वाले मनिंदर सिंह के ढाबे पर जीएसटी रेड करवाकर ढाबे की किचन बंद करवा दी। इन्होंने आप से तंग आकर भाजपा जॉइन की है। ईडी ने तो करप्शन के खिलाफ रेड की। लेकिन आप सरकार यहां बदलाखोरी के लिए पंजाब की एजेंसियों से रेड करवा रही है।
- बंगाल जैसा हाल अब पंजाब में AAP का होगा: जाखड़ ने कहा कि पिछले कल रोपड़ में भाजपा दफ्तर में बदमाशी की गई। मैंने केजरीवाल को भी कहा था कि हम पंजाब को बंगाल नहीं बनाने देंगे। क्योंकि बंगाल में भाजपा के दफ्तर जला दिए। आज ममता इस्तीफा न देने पर अड़ी हैं, लेकिन इस्तीफा तो लोग लेंगे। जो हाल ममता का बंगाल में हुआ वही हाल आप का पंजाब में होगा।
- न CBI की न ED की रेड रुकेगी: जाखड़ ने कहा कि आप ने अमृतसर के बीजेपी दफ्तर में घुसकर शीशे भी तोड़े हैं। मैं आम आदमी पार्टी वालों को साफ बताना चाहता हूं कि ये जो प्रदर्शन के ड्रामे कर रहे हैं और गुंडागर्दी कर रहे हैं, इससे न तो सीबीआई की रेड रुकेगी और न ही ईडी की रेड रुकेगी। मैं एक बात और जोड़ना चाहता हूं की सबका साथ, सबका विकास के साथ अब सबका हिसाब भी होगा।

- पंजाब का सूपड़ा साफ होगा: इस मौके पर हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी ने कहा कि जब से बंगाल के रिजल्ट आए हैं तब से पंजाब में आप सरकार बौखला गई है। केजरीवाल ने बंगाल में जाकर ममता बेनर्जी को समर्थन दिया था। पहले केजरीवाल राहुल गांधी के पीछे घूमते थे और उनका सूपड़ा साफ कर दिया। अब पंजाब का भी सूपड़ा साफ करेंगे। मैं एक बात कहना चाहता हूं मान साहब कि आप लोगों पर मेहरबानी करो। मैं एक बात ये भी कहना चाहता हूं कि आपने शहीद भगत सिंह की जो फोटो लगाई है, उसको लगाने का अधिकार नहीं है।
- ED स्वतंत्र एजेंसी, भ्रष्टाचार के नोट तो उड़ेंगे ही: उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह ने आने वाली पीढ़ियों का कष्ट मिटाने के लिए कुर्बानी दी। लेकिन आप सरकार ने शहीद भगत सिंह का भी राजनीतिकरण कर दिया। अगर फोटो लगानी थी तो कम से कम अच्छे काम तो करते। अब शोर मचा रहे हैं कि ईडी आ गई। ईडी तो स्वतंत्र एजेंसी है वो तो आएगी ही। मुझे तो जाखड़ साहब से पता चला कि पंजाब में नोट भी उड़े हैं। भ्रष्टाचार के नोट तो उड़ेंगे ही।
- न रोजगार मिला, न महिलाओं को ₹1000: सीएम ने कहा कि ये जो लोग कहते थे न कि हमारी सरकार कट्टर ईमानदार है, ये उसका नतीजा है। युवाओं को रोजगार और नशामुक्त करने की बात कही। लेकिन कुछ नहीं किया। मुझसे लोग मिलते हैं और बताते हैं कि नशा तस्करों के खिलाफ शिकायत करने वालों को ही टारगेट किया जाता है। मैं एक बात और कहना चाहता हूं कि इन्होंने मजदूर दिवस और महिला दिवस पर विशेष सत्र बुलाया और कहा था कि महिलाओं को 1 हजार रुपए देंगे लेकिन आज तक पैसा नहीं पहुंचा।
- भगवंत मान और केजरीवाल कहां बचकर जाएंगे: हरियाणा सीएम ने कहा कि अभी रुको अभी तो कई फाइलें खुलेंगी। ममता बेनर्जी तो बगल में दबाकर फाइलें ले गई थी। लेकिन इनके बहुत चिट्ठे पड़े हैं और ये सब खुलेंगे। वक्त आने दो। भगवंत मान और केजरीवाल कहां बचकर जाएंगे। ईडी को सरकार की एंजेंसी कहकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। हमने कब मना किया कि ईडी सरकार की एजेंसी नहीं है। लेकिन ईडी तो भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करेगी। अगर भ्रष्टाचार नहीं हुआ तो तब बताएं।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








