Buland kesari/एक नामी कोल्ड ड्रिंक कंपनी ने लुधियाना में अपने 140वें स्थापना दिवस के जश्न में अपने मुलाजिमों को ही एक्सपायरी डेट वाली कोल्ड ड्रिंक परोस दी, यह दावा कंपनी के ही मुलाजिम ने किया है।
मुलाजिम का कहना है कि उसने इसका वीडियो बना लिया, जिसे उसने कंपनी के अधिकारियों को भेजा। हालांकि कार्रवाई करने की जगह कंपनी ने उसे ही टर्मिनेट कर नौकरी से निकाल दिया।
मुलाजिम ने दावा किया कि एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक पीने से उसकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसे अस्पताल का रुख करना पड़ा। उसने ये भी कहा कि जहां से ये कोल्ड ड्रिंक मंगाई गई थीं, वहीं से मार्केट में भी सप्लाई होती है।
तबीयत ठीक होने के बाद उसने इसकी शिकायत स्वास्थ्य विभाग से कर दी। विभाग का कहना है कि इस बारे में जांच कर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि कंपनी की तरफ से औपचारिक तौर पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।

एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक को लेकर मुलाजिम के 5 दावे
- 6 महीने से काम कर रहा, 80 मुलाजिम बुलाए: बस्ती जोधेवाल के रहने वाले साहिल ने बताया कि वह पिछले 6 महीने से कोल्ड ड्रिंक कंपनी के प्लांट में काम कर रहा है। साहिल ने बताया कि 8 मई को कंपनी का 140वां स्थापना दिवस था। इस मौके पर मैनेजमेंट ने कंपनी के करीब 70-80 कर्मचारियों को जश्न के लिए बुलाया था।
- परोसी गई एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक: कार्यक्रम के दौरान सभी मुलाजिमों को समोसा, सैंडविच और 200ml कोल्ड ड्रिंक की बोतलें सर्व की गईं। साहिल के मुताबिक, जब उसके एक साथी ने आधी बोतल पीकर छोड़ दी तो उन्होंने बोतल पर एक्सपायरी डेट चेक की। यह देखकर उनके होश उड़ गए कि परोसी गई कोल्ड ड्रिंक एक्सपायर हो चुकी थी।
- मैनेजमेंट ने अनदेखी की: साहिल ने तुरंत इसकी शिकायत अपने सीनियर्स से की, लेकिन मैनेजमेंट ने उनकी बात को अनसुना कर दिया। इसके बाद साहिल ने सबूत के तौर पर वीडियो बनाकर कंपनी के तमाम आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप्स में डाली। फिर भी किसी अधिकारी ने इस लापरवाही पर माफी मांगना तो दूर जवाब देना भी जरूरी नहीं समझा।

- बिगड़ी तबीयत, अस्पताल जाना पड़ा: मुलाजिम साहिल ने बताया कि एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक पीने के अगले ही दिन उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे उल्टियां होने लगीं। पहले उसने लोकल डॉक्टर से दवा ली, लेकिन आराम न मिलने पर उसे ESI (ईएसआई) अस्पताल जाना पड़ा। साहिल ने मीडिया को अपनी मेडिकल स्लिप और इंजेक्शन की पर्चियां भी दिखाईं।
- यहीं से पूरे मार्केट में सप्लाई: साहिल ने दावा किया कि कंपनी के जिस हब से यह कोल्ड ड्रिंक पूरे मार्केट में सप्लाई होती हैं, अगर वहीं कर्मचारियों को एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक पिलाई जा रही है तो आम जनता को बाजार में क्या बेचा जा रहा होगा? मेरा मकसद सिर्फ यह है कि अगर किसी की जान को कुछ हो जाता तो इसका जिम्मेदार कौन होता? मुझे अपनी नौकरी जाने का भी डर है, लेकिन मैं पीछे नहीं हटूंगा और कंज्यूमर कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाऊंगा। इसकी शिकायत फूड सेफ्टी विभाग को भी दी गई है।

कंपनी ने मुलाजिम को टर्मिनेट किया 14 मई को साहिल को कंपनी से निकल दिया, जिसकी जानकारी उसे मेल के जरिए मिले टर्मिनेट लेटर से मिली। इसमें लिखा था- आपको सूचित किया जाता है कि लुधियाना बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड के साथ आपकी रोजगार सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त की जाती है। इसमें कंपनी ने 2 कारण गिनाते हुए आगे की कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
- आपका आचरण अनुचित: कंपनी ने लेटर में लिखा- यह देखा गया है कि आपके प्रदर्शन के संबंध में पहले जताई गई चिंताओं और आपके सीखने व विकास के चरण के दौरान संगठन की ओर से सुधार के लिए लगातार दिए गए मार्गदर्शन के बावजूद, हाल ही में आपका आचरण अनुचित और अस्वीकार्य पाया गया है।
- कंपनी को बदनाम करने की कोशिश: कंपनी ने लिखा- इसके अलावा यह भी रिपोर्ट किया गया है कि आप ऐसी गतिविधियों और कार्यों में शामिल थे, जिन्होंने कंपनी को बदनाम करने और संगठन की ब्रांड छवि व प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। इस तरह का आचरण कंपनी की नीतियों व्यावसायिक नैतिकता और आपके रोजगार के नियमों व शर्तों का गंभीर उल्लंघन माना जाता है।
- तुरंत दस्तावेज लौटाओ, कानूनी कार्रवाई भी संभव: कंपनी ने लेटर के अंत में लिखा- मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रबंधन ने आपके नियुक्ति पत्र के नियमों और शर्तों के अनुसार आपकी सेवाओं को तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का निर्णय लिया है। आपको निर्देश दिया जाता है कि आपके पास मौजूद कंपनी की सभी संपत्ति, दस्तावेज आईडी कार्ड और कोई भी अन्य आधिकारिक सामान तुरंत संबंधित विभाग को सौंप दें और अपनी फुल एंड फाइनल औपचारिकताएं पूरी करें। कंपनी लागू नियमों और नीतियों के अनुसार यदि आवश्यक हो तो आगे की कानूनी या अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का अधिकार सुरक्षित रखती है।

फूड सेफ्टी विभाग हुआ सख्त, कार्रवाई के आदेश लुधियाना के जिला स्वास्थ्य अधिकारी (DHO) डॉ. आशीष ने स्पष्ट किया कि हमारे संज्ञान में यह मामला आया है कि साहिल नाम के एक शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उनकी कंपनी की तरफ से उन्हें एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक पिलाई गई है। यह एक बेहद गंभीर मामला है।
फूड सेफ्टी एक्ट के तहत कोई भी ऐसा उत्पाद, जो एक्सपायर हो चुका हो या स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो, उसे सर्व करना या बेचना पूरी तरह से गैरकानूनी है। फूड सेफ्टी विभाग ने आश्वासन दिया है कि अगले 1 से 2 दिन के भीतर कंपनी के खिलाफ फूड सेफ्टी एक्ट की धाराओं के तहत सख्त और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








