Buland kesari/लुधियाना महानगर के किचलू नगर स्थित श्री राम दरबार मंदिर में बीती रात एक शातिर चोर द्वारा चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। हैरान करने वाली बात यह है कि चोर ने वारदात से पहले भगवान की मूर्ति के आगे हाथ जोड़े बाकायदा माफी मांगी और फिर दानपात्र तोड़कर नकदी साफ कर दी।
यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है। चोर ने पहचान छिपाने के लिए अपना पूरा मुंह कपड़े से ढका हुआ था।
रोशनदान से अंदर घुसा चोर
जानकारी के मुताबिक वारदात रात करीब 2:00 बजे की है। मंदिर के प्रधान प्रकाश चंद शर्मा ने बताया कि सुबह करीब 5:00 बजे मंदिर के पंडित गोपाल कृष्ण ने उन्हें फोन पर सूचना दी कि मंदिर में चोरी हो गई है। जब मंदिर के सेवादार और अन्य लोग पहुंचे तो देखा कि मुख्य द्वारों के ताले बिल्कुल सही-सलामत थे। इसके बाद जब सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई तो सच सामने आया। चोर मंदिर के साथ लगते एक रोशनदान (वेंटिलेटर) के रास्ते रेंगते हुए अंदर दाखिल हुआ था।
रात 2 से 2:43 तक मंदिर के अंदर रहा, सेवादारों को नहीं लगी भनक
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार,चोर रात ठीक 2:00 बजे मंदिर के अंदर दाखिल हुआ। उसने मंदिर में करीब 43 मिनट का समय बिताया और रात 2:43 बजे के बाद कैमरा बंद हो गया वह चोरी की रकम समेटकर फरार हो गया। वारदात के वक्त मंदिर परिसर में ही सो रहे थे दो लोग से जब पूछताछ की गई, तो उन्होंने बताया कि वे गहरी नींद में थे और उन्हें रात में किसी भी तरह की आहट या हलचल का पता नहीं चला।
पाप करने से पहले मांगी माफी
फुटेज में चोर की एक बेहद अजीब हरकत भी सामने आई है। चोरी की नीयत से दाखिल हुए इस आरोपी ने दानपात्र पर हाथ साफ करने से पहले बकायदा भगवान श्री राम के दरबार के आगे सिर झुकाया, हाथ जोड़कर माफी मांगी और फिर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस को इस मामले की सूचना दे दी गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुंह ढके इस शातिर चोर की तलाश की जा रही है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








