Buland kesari/पांच दिन पहले रिलीज गाना इंस्टाग्राम से हटा तो पंजाबी सिंगर विशव लाडी फूट-फूटकर रो पड़े। मशहूर सिंगर कंवर ग्रेवाल के साथ कोलेब्रेशन कर चुके लाडी ने इंस्टाग्राम पर रोते हुए वीडियो डाला। जिसमें लाडी ने कहा कि उन्होंने पिता की मजदूरी के पैसे से गीत रिलीज किया था। अब यह गाना बार-बार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हाइड हो रहा है। इसकी रील भी नहीं बन पा रही हैं।
लाडी के मुताबिक डिस्ट्रीब्यूटर और म्यूजिक कंपनी इसे टेक्निकल ग्लिच बताकर पल्ला झाड़ रहे हैं लेकिन उनका सारा पैसा दांव पर लगा है। लाडी का कहना है कि डिस्ट्रीब्यूटर कंपनियों और इंडस्ट्री के बड़े लोगों ने उसकी जिंदगी और करियर बर्बाद कर दिया है। गायक का कहना है कि बड़े लोगों के आपसी विवाद और निजी लड़ाइयों के कारण गरीब कलाकार की सालों की मेहनत पर पानी फेरा जा रहा है।

5 पाइंट में जानें लाडी ने वीडियो में क्या कहा:-
- इस इंडस्ट्री में मेरा कोई गॉडफादर नहीं- गायक ने अपने पारिवारिक और आर्थिक हालातों को बयां करते हुए कहा कि उनका कोई गॉडफादर नहीं है। उनके माता-पिता और भाई दिहाड़ी मजदूरी का काम करते हैं। उन्होंने खुद भी कड़ाके की धूप और विपरीत परिस्थितियों में दिन-रात दिहाड़ी की, पेट काटकर एक-एक पैसा बचाया (सेव किया) और अपनी कला को जिंदा रखने के लिए गाने रिकॉर्ड किए। वे पूरी तरह जमीन से जुड़े कलाकार हैं।
- पिछले गाने की सफलता से जगी थी नई उम्मीदें- इस विवाद से पहले गायक का एक गाना पागल इश्क रिलीज हुआ था, जिसे आम जनता और उनके चाहने वालों ने बहुत प्यार दिया था। इस गीत पर 1 लाख 26 हजार व्यू मिले थे। गाने की कामयाबी से परिवार को एक नई उम्मीद बंधी थी कि अब उनके दिन बदल जाएंगे। गायक ने पंजाबी मुहावरे का इस्तेमाल करते हुए कहा कि उस गाने के बाद गाड़ी पटरी पर आ गई थी और काम सही चलने लगा था।
- यार बेफिक्रा गाने के लिए 48 घंटे की कड़ी मेहनत की- लाडी ने कहा कि उनका नया गाना यार बेफिक्रा अभी हाल ही में रिलीज हुआ है। गायक ने बताया कि दर्शक स्क्रीन पर जो 3 मिनट का गाना या वीडियो देखते हैं, उसके पीछे की मेहनत कोई नहीं देखता। इस 3 मिनट के वीडियो को परफेक्ट बनाने के लिए उन्होंने और उनकी टीम ने लगातार 48 घंटे तक बिना सोए, बिना थके शूट किया था। उन्होंने इस प्रोजेक्ट में अपना सब कुछ झोंक दिया था।
- मोहाली डिस्ट्रीब्यूटर्स की आपसी जंग में वह पिस गया- लाडी ने बताया कि विवाद की जड़ मोहाली के म्यूजिक डिस्ट्रीब्यूटर्स हैं। गायक के अनुसार, मोहाली की डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी और किसी अमृत भाई के बीच कोई पुराना निजी विवाद या आपसी दुश्मनी चल रही है। वह इन दोनों पक्षों को निजी तौर पर नहीं जानते, लेकिन डिस्ट्रीब्यूटर कंपनी अपनी निजी खुंदक निकालने के लिए मुझ जैसे गरीब कलाकार के गाने को निशाना बना रही है।
- टेक्निकल ग्लिच बताकर खेला जा रहा खेल- लाडी का आरोप है कि गाना डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज तो कर दिया गया है, लेकिन डिस्ट्रीब्यूटर्स की कथित चालाकी के कारण वह लोगों तक पहुंच नहीं रहा है। उसे प्रशंसकों के फोन आ रहे हैं कि गाना कभी सर्च में आता है, तो कभी अचानक हाइड हो जाता है। सबसे बड़ी समस्या यह है कि इस गाने के ऑडियो पर सोशल मीडिया पर रील नहीं बन पा रही हैं।
-
लुधियाना के रहने वाले विशव लाडी विशव लाडी ने इंस्टा और फेसबुक पर अपनी पहचान लुधियाना के रहने वाले के रूप में बताई है। रोते हुए उनका वीडियो सोशल मीडिया ट्रेंड हो रहा है। वीडियो में कलाकार का दर्द साफ देखा जा सकता है। लाडी ने कहा कि गरीब परिवार से उठकर बिना किसी गॉडफादर के इंडस्ट्री में जगह बनाने की कोशिश करने वाले युवाओं को डर्टी पॉलिटिक्स का शिकार होना पड़ता है। हालांकि गायक ने कानूनी कार्रवाई के डर से कंपनी के नाम का खुलासा नहीं किया, लेकिन मोहाली की म्यूजिक डिस्ट्रीब्यूशन लॉबी पर सवाल खड़े किए हैं।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








