Buland kesari/जालंधर: शहर के पठानकोट बायपास पर स्थित डी-मार्ट होलसेल किराना स्टोर के दोनों मुख्य प्रवेश द्वारों के पास पिछले लंबे समय से सीवरेज व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। हालात ऐसे हैं कि स्टोर के बाहर गंदा और बदबूदार पानी जमा रहने के कारण रोजाना हजारों ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों और ग्राहकों का आरोप है कि समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि लंबे समय से बनी हुई है। इसके बावजूद न तो डी-मार्ट प्रबंधन ने इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम उठाया और न ही नगर निगम के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति सुधारने की जहमत उठाई।
स्टोर में खरीदारी के लिए आने वाले परिवारों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। कई बार लोगों के कपड़े और जूते तक गंदे पानी से खराब हो जाते हैं। बदबू के कारण आसपास का वातावरण भी दूषित हो रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब डी-मार्ट जैसा बड़ा व्यावसायिक संस्थान प्रतिदिन हजारों ग्राहकों से कारोबार कर रहा है तो आखिर उसके मुख्य द्वारों के बाहर की यह दुर्दशा क्यों बनी हुई है? क्या प्रबंधन को अपने ग्राहकों की सुविधा और स्वास्थ्य की कोई चिंता नहीं? वहीं नगर निगम की कार्यप्रणाली भी कटघरे में है, क्योंकि शहर की प्रमुख व्यावसायिक जगहों पर भी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित नहीं की जा रही हैं।
स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सीवरेज समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे नगर निगम और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
सवाल जो जवाब मांगते हैं:
डी-मार्ट के दोनों गेटों के बाहर महीनों से जमा गंदे पानी की जिम्मेदारी किसकी?
नगर निगम के अधिकारियों ने अब तक इस समस्या का समाधान क्यों नहीं किया?
क्या किसी बड़े हादसे या बीमारी फैलने का इंतजार किया जा रहा है?
हजारों ग्राहकों की परेशानी आखिर कब खत्म होगी?
जनता का कहना है कि टैक्स और शुल्क वसूलने में सक्रिय प्रशासन सुविधाएं देने के समय आखिर खामोश क्यों हो जाता है? अब देखना यह होगा कि नगर निगम और डी-मार्ट प्रबंधन इस गंभीर समस्या पर कब जागते हैं और लोगों को राहत मिलती है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








