Buland kesari/लुधियाना के चौंता में नशा तस्करों की मुखबिरी को लेकर हुए विवाद में निहंग जत्थों की एंट्री के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के 27 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने दोनों पक्षों पर पथराव और उपद्रव करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई थाना कूमकलां के एएसआई विजय कुमार की शिकायत के आधार पर की गई है।
चौंता गांव में नशे के मामले को लेकर पुलिस टीमों ने दबिश दी थी। आरोप है कि जिन लोगों के घरों पर पुलिस ने कार्रवाई की, उन्होंने मुखबिरी के शक में दूसरे पक्ष के घरों पर ईंट-पत्थर बरसाए और हमला कर दिया। वहीं, दूसरे पक्ष का आरोप है कि उनके खिलाफ पुलिस को झूठी सूचना दी गई थी।
दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई शुरू
दोनों पक्षों ने थाना कूमकलां में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद कार्रवाई न होने पर पप्पू सिंह ने निहंग जत्थेबंदियों से संपर्क किया। इसके बाद निहंग जत्थेबंदियां गांव पहुंचीं, जहां पप्पू सिंह ने ग्रामीणों के सामने पूरा मामला रखा। निहंगों की एंट्री के बाद पुलिस सक्रिय हुई और दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।
पप्पू सिंह ने निहंगों के सामने लगाई थी गुहार
पप्पू सिंह ने निहंगों के सामने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले सीआईए स्टाफ की टीम गांव पहुंची थी और उन्होंने सरपंच से बातचीत की थी। इस दौरान सरपंच ने उसे भी बुलाया था। इसके बाद पुलिस ने नशा बेचने वालों के ठिकानों पर रेड की। पप्पू सिंह का आरोप है कि रेड के बाद मुखबिरी के शक में उसके घर पर पथराव किया गया।
उसने बताया कि जब वह शिकायत लेकर थाने पहुंचा तो पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिया। पप्पू सिंह और अन्य ग्रामीणों से बातचीत के बाद निहंगों ने पुलिस को कहा था कि वे अब गांव में अपने स्तर पर नशे के खिलाफ अभियान चलाएंगे।
दोनों पक्षों ने पथराव करके उपद्रव मचाया
यह एफआईआर थाना कूमकलां के एएसआई विजय कुमार की शिकायत पर दर्ज की गई है और वही मामले की जांच कर रहे हैं। जांच अधिकारी एएसआई विजय कुमार ने बताया कि वह पुलिस पार्टी के साथ गश्त के दौरान रतनगढ़ टी-पॉइंट पर मौजूद थे। इसी दौरान थाने के मुख्य मुंशी ने फोन कर सूचना दी कि गांव चौंता की फिरनी (बाहरी सड़क) पर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्षों के लोग वहां से फरार हो चुके थे। पुलिस के अनुसार, दोनों गुटों ने आपस में लड़ाई के दौरान एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाए, जिससे आसपास के घरों में रहने वाले लोगों, बच्चों और राहगीरों की जान को खतरा पैदा हो गया। पथराव से जुड़े कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिनके आधार पर पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नशा तस्करी के एंगल की जांच करेंगे
जांच अधिकारी ने बताया कि अब तक की जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच आपसी विवाद हुआ था। इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी पुलिस के हाथ लगा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने कहा कि आरोपियों को पकड़ने के बाद उनसे पूछताछ की जाएगी और नशा तस्करी से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जाएगी। यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








