Buland kesari/अमृतसर देहात पुलिस का नशा तस्करों और गैंगस्टरों के खिलाफ चलाया जा रहा ‘ऑपरेशन प्रहार’ लगातार जारी है। इस अभियान के तहत पुलिस ने जिले के अलग-अलग इलाकों में एक साथ बड़े स्तर पर छापेमारी करते हुए करीब 40 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को सीमा पार से चल रहे नशा और हथियार तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि अमृतसर देहात पुलिस की कई टीमें सुबह से ही जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। इस दौरान एक बड़े नशा तस्कर सुखदेव सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा कई अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
हेरोइन और हथियारों की तस्करी के हॉटस्पॉट बॉर्डर के इलाके
डीआईजी ने बताया कि सीमा से सटे गांव महावा और नेश्टा ड्रोन के जरिए हेरोइन और हथियारों की तस्करी के हॉटस्पॉट माने जा रहे हैं। इसी वजह से पुलिस ने इन इलाकों पर विशेष निगरानी बढ़ा दी है। इन गांवों में लगातार छापेमारी की जा रही है, ताकि सीमा पार से चलाए जा रहे तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
ड्रोन की गतिविधियों पर काफी हद तक रोक
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से सीमा क्षेत्र में लगाए गए एंटी-ड्रोन सिस्टम से पाकिस्तान की ओर से भेजे जाने वाले ड्रोन की गतिविधियों पर काफी हद तक रोक लगी है। इस तकनीक की मदद से नशे और हथियारों की तस्करी रोकने में पुलिस को काफी सहायता मिल रही है।

गैंगस्टरों और नशा तस्करों को कड़ी चेतावनी
डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल ने गैंगस्टरों और नशा तस्करों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि वे खुद सरेंडर कर दें। अगर उन्होंने कानून से भागने की कोशिश की, तो पुलिस उन्हें हर हाल में गिरफ्तार करेगी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत ऐसी कार्रवाई आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगी।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








