Buland kesari/लुधियाना की विश्वकर्मा कॉलोनी में अज्ञात चोर एक महिला के घर से सोने के गहने, नकदी और विदेशी मुद्रा चोरी कर ले गए। घटना के समय महिला घर में सो रही थी। सुबह उठने पर उसे चोरी की जानकारी मिली। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुखविंदर कौर निवासी गली नंबर-1, विश्वकर्मा कॉलोनी ने पुलिस को बताया कि वह घर में अकेली रहती हैं। 21 जुलाई की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अगली सुबह उठने पर उन्होंने देखा कि घर का सामान बिखरा हुआ था।
नकदी और विदेशी मुद्रा चोरी कर ले गए
जांच करने पर पता चला कि चोर घर से लाखों रुपए के गहने, नकदी और विदेशी मुद्रा चोरी कर ले गए। महिला के अनुसार, चोरी हुए सामान में दो सोने की चेन, चार जोड़ी सोने के टॉप्स, एक सोने की अंगूठी, चार सोने के लॉकेट, एक जोड़ी सोने के कंगन, करीब सवा लाख रुपए नकदी और 1000 डॉलर/पाउंड शामिल हैं।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया
सूचना मिलने के बाद थाना डिवीजन नंबर-6 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 308 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








