Buland Kesari/: जालंधर नॉर्थ की राजनीति में बुधवार को उस समय बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया, जब आम आदमी पार्टी के पूर्व हलका इंचार्ज और दो बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके दिनेश ढल्ल ने भाजपा का दामन थाम लिया। पंजाब भाजपा के सूबा प्रधान केवल सिंह ढिल्लों ने उन्हें पार्टी में शामिल करवाया।
भाजपा में शामिल होने से पहले दिनेश ढल्ल ने होटल रेडिसन में पंजाब भाजपा नेतृत्व से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने भाजपा में शामिल होने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद औपचारिक तौर पर उन्हें पार्टी में शामिल कर लिया गया।
चार पार्टियों में रह चुकी है सियासी पारी
दिनेश ढल्ल का राजनीतिक सफर भी काफी दिलचस्प रहा है। वह इससे पहले कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और आम आदमी पार्टी में रह चुके हैं। अब उन्होंने भाजपा का दामन थामकर अपनी सियासी पारी को एक बार फिर नई दिशा दी है।
AAP में रहते हुए उन्हें जालंधर नॉर्थ विधानसभा हलके का हलका इंचार्ज बनाया गया था। वह इस सीट से दो बार विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। हालांकि, बाद में हलके की कमान मेयर विनीत धीर को दिए जाने के बाद उनकी पार्टी नेतृत्व से नाराजगी की चर्चाएं सामने आने लगी थीं।
हलका इंचार्ज के पद से हटाए जाने के बाद एक इंटरव्यू में ढल्ल ने भी संकेत दिए थे कि वह समय आने पर अपने अगले राजनीतिक कदम का खुलासा करेंगे। अब भाजपा में शामिल होकर उन्होंने उन चर्चाओं पर विराम लगा दिया है।
विनीत धीर को जिम्मेदारी मिलने के बाद बढ़ी थी दूरी
AAP की ओर से जालंधर सेंट्रल में मेयर विनीत धीर को हलका इंचार्ज बनाए जाने के बाद से ही दिनेश ढल्ल के पार्टी से दूर होने की अटकलें तेज हो गई थीं। राजनीतिक जानकारों की नजर में भाजपा में उनका जाना जालंधर नॉर्थ की सियासत में AAP के लिए चुनौती माना जा रहा है।
अब रमन अरोड़ा को लेकर भी सियासी चर्चा
दिनेश ढल्ल के भाजपा में शामिल होने के साथ ही जालंधर सेंट्रल की राजनीति में भी नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सियासी हलकों में यह चर्चा जोर पकड़ रही है कि AAP विधायक रमन अरोड़ा भी भाजपा का रुख कर सकते हैं।
हालांकि, रमन अरोड़ा की ओर से भाजपा में शामिल होने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इसलिए फिलहाल इसे महज सियासी अटकल ही माना जा रहा है।
दिलचस्प बात यह है कि एक दिन पहले ही AAP ने जालंधर नॉर्थ हलके में भाजपा, कांग्रेस और अकाली दल से जुड़े 13 कार्यकर्ताओं को पार्टी में शामिल करवाने का दावा किया था। इसके अगले ही दिन AAP के पूर्व हलका इंचार्ज का भाजपा में जाना जालंधर की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है।
अब देखना होगा कि दिनेश ढल्ल के भाजपा में आने से जालंधर नॉर्थ में भाजपा की रणनीति कितनी मजबूत होती है और क्या आने वाले दिनों में रमन अरोड़ा को लेकर चल रही चर्चाएं भी किसी राजनीतिक बड़े घटनाक्रम में बदलती हैं।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.







