Buland kesari/अमृतसर में कबूतरबाजी की पुरानी रंजिश ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। खजाना गेट के पास पतियां वाली गली में हुए इस हमले में 2 सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ितों ने इस मामले की शिकायत थाना डी-डिवीजन पुलिस को दी है।
अस्पताल में इलाजरत नीरज और करण शर्मा ने बताया कि वे कबूतर पालने का शौक रखते हैं। इसी बात को लेकर मोहल्ले के कुछ लोगों से उनकी पुरानी रंजिश चल रही थी और पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी थी।
पीड़ितों के अनुसार, बीते सोमवार को विरोधी पक्ष ने उनके पिता को फोन कर बातचीत के बहाने बाहर बुलाया। जब वे मौके पर पहुंचे, तो हमलावर पहले से ही दातर, बेसबॉल बैट और लोहे की रॉड जैसे तेजधार हथियारों के साथ मौजूद थे।

बचाव में आए मां-भाई पर किए वार
गली के मोड़ पर उन्हें घेरकर हमला किया गया। करण शर्मा जब अपने भाई को बचाने के लिए आगे आए, तो आरोपियों ने उनके सिर पर दातर से कई वार किए। नीरज शर्मा के सिर, पीठ और बाजुओं पर गंभीर चोटें आईं, और उनकी एक टांग की हड्डी भी टूट गई। करण शर्मा के सिर पर 5 से 7 दातर के वार हुए और उनके हाथ पर भी गहरा जख्म है।
हमले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची उनकी माता किरन भी घायल हो गईं, जिनकी ठोड़ी पर चोट लगी है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि हमले में पलविंदर, उसका पिता, दामाद और कुछ महिलाएं भी शामिल थीं।

पहले भी जेल जा चुका है आरोपी
परिवार ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है और आरोपियों के खिलाफ धारा 307 (हत्या के प्रयास) के तहत मामला दर्ज करने की मांग की है। पीड़ितों का कहना है कि आरोपी पहले भी नशे और अन्य मामलों में जेल जा चुके हैं और अब भी उनकी जान को खतरा बना हुआ है।
वहीं मामले को लेकर थाना डी-डिवीजन के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह विवाद कबूतरबाजी को लेकर हुआ था और दोनों पक्षों को चोटें आई हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








