Buland kesari/जगराओं शहर के सुभाष गेट चौक के पास स्थित अमित ग्रोसरी स्टोर में मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात चोरी की वारदात हुई। चोर दुकान के ताले और शटर के कब्जे तोड़कर अंदर घुसे और करीब 20 हजार रुपए नकद सहित अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर थाना सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
दुकान मालिक राजिंदर कुमार ने बताया कि उन्हें बुधवार सुबह करीब 4 बजे फोन पर दुकान का शटर खुला होने की सूचना मिली। वह तुरंत अपने दोस्तों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि शटर के कब्जे टूटे हुए थे और शटर उठाकर अंदर लगे एल्युमिनियम गेट का शीशा भी तोड़ दिया गया था।
राजिंदर कुमार के अनुसार, सूचना देने वाले लोगों ने बताया कि वे सुबह करीब 4 बजे कार से वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने दुकान का शटर खुला देखा और एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल के पास खड़ा पाया। उन्हें देखते ही वह व्यक्ति मोटरसाइकिल पर बैठकर फरार हो गया।
सूचना देने वालों ने शटर बंद किया
सूचना देने वालों ने तुरंत शटर बंद कर दिया ताकि यदि कोई अन्य व्यक्ति दुकान के अंदर हो तो वह बाहर न निकल सके। उन्होंने मोटरसाइकिल सवार का पीछा भी किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। राजिंदर कुमार ने आशंका जताई है कि इतनी बड़ी चोरी में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं।
चोर दुकान से लगभग 20 हजार रुपए नकद, देसी घी, रिफाइंड तेल, बीड़ी, सिगरेट और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। घटना की सूचना मिलने पर थाना सिटी के एएसआई नरिंदर शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकान मालिक के बयान दर्ज किए और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
ASI नरिंदर शर्मा ने बताया कि पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मौके से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








