Buland kesari/जालंधर की वडाला रॉयल कॉलोनी में आवारा और पालतू कुत्तों से जुड़ी घटनाओं को लेकर तनाव का माहौल है। कॉलोनी निवासियों का आरोप है कि कुछ लोग अपने कुत्तों को खुला छोड़ देते हैं, जिसके कारण हाल ही में बच्चों और बुजुर्गों पर हमले की घटनाएं हुई हैं।
निवासियों का कहना है कि जब उन्होंने इस मुद्दे पर आपत्ति जताई और बातचीत की कोशिश की, तो उनके साथ कथित तौर पर मारपीट, गाली-गलौज और कुर्सियां तोड़ दी। शाम को इस मामले को लेकर पंचायत होनी थी। घटना से चिंतित लोगों ने लांबड़ा थाने के एसएचओ को लिखित शिकायत देकर समस्या के समाधान की मांग की है।


अब विस्तार से जानिए क्या है पूरा मामला:-
- कुत्तों ने छोटे बच्चों को काट लिया: कॉलोनी निवासी सचिन और बुजुर्ग मंगल सिंह ने बताया कि पिछले काफी समय से कुछ घरों में पाले जा रहे पालतू और आवारा कुत्तों को अक्सर सड़कों पर खुला छोड़ दिया जाता है। इन कुत्तों ने हाल ही में छोटे बच्चों को काट लिया, जिससे बड़ा हादसा होते-होते बचा।
- कुत्ता मालिकों ने तय समय से पहले ही हमला कर दिया: निवासियों का कहना है कि जब सोसाइटी के सदस्यों ने कुत्ता मालिकों (रिंकू और उसके परिवार) को समझाने की कोशिश की, तो उन्होंने बात मानने के बजाय विवाद शुरू कर दिया। मामले को सुलझाने के लिए सरपंच की मौजूदगी में सोमवार शाम 7 बजे पंचायत रखी गई थी, लेकिन आरोप है कि कुत्ता मालिकों ने तय समय से पहले ही हमला कर दिया।
- बाहर से 4-5 अज्ञात युवकों को बुलाया: रिंकू, भूपिंदर सिंह और रोहित ने मिलकर बाहर से 4-5 अज्ञात युवकों को बुलाया, जो कथित तौर पर नशे में थे। इन बाहरी लड़कों और कुत्ता मालिकों के परिवार की महिलाओं ने मिलकर कॉलोनी के बुजुर्गों पर हमला कर दिया।
- हमलावरों ने कॉलोनी में रखी कुर्सियां तोड़ दीं: बुजुर्ग मंगल सिंह ने बताया कि जब वे बाहर निकले तो कुत्तों ने उन पर हमला करने की कोशिश की। जब उन्होंने खुद को बचाया, तो विपक्षी परिवार के पुरुषों और महिलाओं ने उनके हाथ से डंडा छीन लिया व उनके साथ मारपीट की। हमलावरों ने कॉलोनी में रखी कुर्सियां तोड़ दीं और जमकर उत्पाद मचाया।
- कामकाजी महिला और बच्चों में दहशत: कॉलोनी निवासी बबिता ने बताया कि उनकी दो साल की बेटी और नौ साल का बेटा है। उन्होंने रोहित के पिता से सिर्फ इतना कहा था कि कुत्तों को घर के अंदर रखा जाए या कहीं और ले जाया जाए, क्योंकि छोटे बच्चे हैं।
- कई बार डोरबेल बजाई, डराने-धमकाने की कोशिश: आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर रोहित और उसके साथियों ने उनके घर के बाहर कई बार डोरबेल बजाई और उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की। उस समय बबिता के पति घर पर नहीं थे, जिसके कारण उन्हें और घर की महिला सहायकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में उन्होंने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी।
- निगम कर्मचारियों को धमकाया, कार्रवाई किए बिना लौटे: बबिता ने यह भी बताया कि इससे पहले 12 अप्रैल को सुबह 6 बजे उन्होंने नगर निगम में शिकायत (शिकायत नंबर 1270) दर्ज कर डॉग कैचिंग वैन को बुलाया था। आरोप है कि रोहित और उसके परिवार ने सरकारी काम में बाधा डालते हुए निगम कर्मचारियों को धमकाया, जिससे वे बिना कार्रवाई किए लौट गए।
पुलिस में की मामले की लिखित शिकायत
इस घटना के बाद वडाला रॉयल कॉलोनी के 60 से अधिक निवासियों ने एकजुट होकर थाना लांबड़ा के एसएचओ से मुलाकात की। उन्होंने अपनी शिकायत कॉलोनी के लेटरहेड पर हस्ताक्षर सहित पुलिस को सौंपी। निवासियों के अनुसार, एसएचओ ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और बाहर से आए अज्ञात लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








