Buland kesari/अमृतसर जिले के हलका मजीठा के अंतर्गत आने वाले गांव बाबोवाल में पुलिस कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। मृतक की पहचान निहंग निरमल सिंह के रूप में हुई है।
निरमल सिंह की बेटी ने आरोप लगाया है कि उनके भाई को पहले घर से हिरासत में लिया और बाद में निरमल सिंह के साथ मारपीट की गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की बेटी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि अमन चौकी इंचार्ज द्वारा उनके पिता के साथ मारपीट की गई, यहां तक कि सीने पर लात मारी गई, जिससे उनकी मृत्यु हुई।
परिवार का विरोध: एफआईआर की मांग पर अंतिम संस्कार रोककर धरना
परिवार ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जब तक आरोपियों पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होती, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। इसी मांग को लेकर परिवार और स्थानीय लोग टाली साहिब अड्डे के पास धरना प्रदर्शन कर रहे हैं और शव को वहीं रखकर विरोध जता रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर, डीएसपी मजीठा कमलमीत सिंह रंधावा ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि निरमल सिंह के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के कई मामले दर्ज थे और पुलिस टीम उन्हें गिरफ्तार करने के लिए रेड करने गई थी। डीएसपी के अनुसार, रेड के बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा गया, जांच जारी और हालात तनावपूर्ण
उन्होंने यह भी कहा कि मृतक को हृदय संबंधी समस्या थी, इसलिए संभव है कि उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई हो। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।डीएसपी ने परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है और कहा है कि जांच के बाद ही वास्तविकता सामने आएगी। फिलहाल इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और पुलिस प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








