Buland kesari/मोहाली में कंपनी के अंदर घुसकर एक्स गर्लफ्रेंड की हत्या करने वाले आरोपी को 5 दिन बाद होश आया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और कोर्ट ले जाया गया। हालांकि इस दौरान उसने किसी का सहारा नहीं लिया।
आरोपी खुद चलकर कोर्ट पहुंचा, इस दौरान चेहरे पर मास्क और चश्मा लगाया हुआ था। आरोपी हरजिंदर सिंह मान उर्फ हैरी को कोर्ट ने ज्यूडिशियल रिमांड पर भेज दिया है। हरजिंदर सिंह युवती के ब्रेकअप करने से नाराज था।
उसने 4 जून को ऑफिस में चाकू से 30 वार करके युवती की हत्या कर दी थी, फिर सुसाइड के प्रयास में खुद के गले पर चाकू से हमला कर लिया था। इसके बाद उसे फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उसका इलाज चल रहा था।

सिलसिलेवार पढ़ें पूरा मामला…
- डिस्पैच टीम में काम करती थी युवतीः मोहाली के फेज-11 स्थित एसआरपी यूएस लॉजिस्टिक्स कंपनी के ऑफिस में गुरुवार (4 जून) शाम करीब 7:30 बजे वारदात हुई थी। मृतका डिंपल (30) कंपनी की डिस्पैच टीम में काम करती थी। आरोपी हरजिंदर (34) भी उसी कंपनी में काम करता था और दोनों के वर्क स्टेशन भी पास-पास थे।
- कहासुनी के बाद चाकू से हमलाः पुलिस के अनुसार, आरोपी शाम के समय डिंपल के केबिन में पहुंचा। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने डिंपल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आसपास मौजूद कर्मचारी कुछ समझ पाते, उससे पहले ही युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
- आरोपी ने खुद भी सुसाइड की कोशिश कीः घटना के दौरान ऑफिस में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। आरोप है कि युवती पर हमला करने के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से वार कर सुसाइड की कोशिश की।
- डिंपल की मौत, आरोपी गंभीरः थाना फेज-11 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए फोर्टिस अस्पताल भेजा गया था। डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया था, जबकि आरोपी हरजिंदर को गंभीर हालत में भर्ती कर उसका उपचार किया गया। उसे 5 दिन बाद 9 जून को होश आया।

युवक ने युवती की हत्या क्यों की थी जानिए
- 3 साल से दोस्ती, फिर ब्रेकअप: पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, डिंपल और हरजिंदर मोहाली की एक प्रावइेट कंपनी में काम करते थे। यह कंपनी पैकर्स एंड मूवर्स का काम करती है। दोनों करीब 3 साल से इकट्ठे काम कर रहे थे। इस दौरान दोनों में दोस्ती हुई, बात प्यार तक पहुंच गई।
- रिश्ता सुधारने की कोशिश, सफल नहीं हुआ: पुलिस के मुताबिक कुछ समय पहले दोनों का ब्रेकअप हो गया था। ब्रेकअप के बाद आरोपी काफी टूट गया था। वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। उसने डिंपल से दोबारा रिलेशन सुधारने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बन पाई।
- ऑफिस में दोनों में हुई थी कहासुनी: वीरवार देर शाम आरोपी कंपनी में पहुंचा, जहां पर आरोपी और युवती में फिर इसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोपी पूरी तैयारी से आया था। उसके पास एक नहीं बल्कि 2 चाकू थे। उनमें से एक चाकू निकालकर उसने युवती पर ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








