Buland kesari/जालंधर में अज्ञात युवकों ने एक घर पर हथियारों से हमला कर दिया। वहां मौजूद युवक के साथ मारपीट करने के बाद उसे जबरन अपनी कार में बैठाकर ले गए। घटना की सूचना पुलिस को 112 हेल्पलाइन के जरिए दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार, जालंधर के भार्गव कैंप इलाके में 5 से 7 युवकों ने एक घर को निशाना बनाया। हमलावरों ने पहले तेजधार हथियारों से हमला किया और फिर घर में घुसकर शुभम नामक युवक के साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी उसे जबरन कार में बैठाकर फरार हो गए।
घर में जबरन घुसे बदमाश
पीड़ित परिवार के सदस्यों ने बताया कि रविवार रात शुभम घर की छत पर था। आरोप है कि हमलावरों ने दरवाजे की कुंडी खटखटाई और खुलते ही जबरन घर में घुस गए। इसके बाद वे शुभम को छत से नीचे खींचकर लाए और उसके साथ बुरी तरह मारपीट की।
हमलावरों ने की मारपीट
परिजनों के अनुसार, जब उन्होंने बीच-बचाव कर मामले की वजह जानने की कोशिश की तो हमलावरों ने कोई जवाब नहीं दिया। मारपीट के बाद आरोपी युवक को जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गए। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन जल्द से जल्द शुभम की सकुशल वापसी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
पुलिस की टीमें CCTV फुटेज खंगाल रही
मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित परिवार और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गाड़ी के नंबर और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के इलाकों में नाकाबंदी की गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही युवक को सकुशल बरामद करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए प्रयास जारी हैं।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








