Buland kesari/लुधियाना के थाना डेहलों पुलिस ने जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति को कथित तौर पर परेशान करने और उसके द्वारा जहरीली चीज निगलने के बाद हुई मौत के मामले में महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी मृतक के रिश्तेदार है। मृतक की पहचान केसर सिंह निवासी डेहलों के रूप में हुई है।
पुलिस को दिए बयान में शिकायतकर्ता भगवंत सिंह निवासी डेहलों ने बताया कि उनकी खेती वाली मोटर उसके ताया हाकम सिंह के नाम पर है। हाकम सिंह की मौत के बाद जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। शिकायतकर्ता के मुताबिक आरोपी उसके पिता को मोटर से पानी लगाने से रोकते थे और उनके साथ गाली-गलौज भी करते थे।
अस्पताल पहुंचने पर तोड़ा दम शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि लगातार हो रही कथित परेशानी से तंग आकर उसके पिता केसर सिंह ने 9 अगस्त 2026 को कोई जहरीली चीज निगल ली। हालत बिगड़ने पर वह अपने पिता को इलाज के लिए सिविल अस्पताल लुधियाना लेकर पहुंचा। शिकायतकर्ता के अनुसार सिविल अस्पताल लुधियाना में डॉक्टर ने जांच के बाद उसके पिता केसर सिंह को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई और शिकायत के आधार पर जांच शुरू की गई।
महिला समेत तीन आरोपी नामजद थाना डेहलों पुलिस ने मामले में सुरजीत कौर, बिक्कर सिंह और चरणजीत सिंह निवासी गांव ख्याली महल कलां, बरनाला को आरोपी बनाया है। पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 108 और 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब जमीन विवाद, मृतक को कथित तौर पर परेशान किए जाने और जहरीली चीज निगलने से हुई मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








