Buland kesari/जालंधर के रामामंडी इलाके में कुछ लोगों ने एक महंत के घर पर हमला कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। महंतों ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उनकी बुजुर्ग मां के कपड़े फाड़ डाले और गालियां दीं। महंत सिमी ने कहा कि उसकी मां के साथ न केवल मारपीट की गई बल्कि उनके सोने के गहने भी छीन लिए गए।
मामला 2 जून का है। सीसीटीवी फुटेज में महंत सिमी की मां और तीन-चार लोग गली में झगड़ा करते नजर आ रहे हैं। फुटेज के अनुसार, आरोपी महंत के घर के बाहर पहुंचकर दरवाजा खटखटाते हैं। जैसे ही महंत सिमी की मां बाहर आती हैं, दोनों पक्षों के बीच पहले बहस होती है, जो बाद में हाथापाई में बदल जाती है।
गली में हो रही हाथपाई देख लोग घरों के बाहर आ गए और झगड़े को छुड़वाया। महंत ने कहा कि इस मामले की शिकायत थाना रामामंडी में दर्ज करवाई गई है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

अकेली रह रही मेरी मां पर किया हमला
गली के लोगों ने कहा कि ये बेहद गंभीर और निंदनीय मामला है। पीड़ित पक्ष की ओर से महंत सिमी ने आक्रोश जताते हुए बताया कि उनकी मां घर पर अकेली थीं, जिसका फायदा उठाकर तीन-चार अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर उन पर जानलेवा हमला कर दिया और उनके साथ जमकर हाथापाई की।
कान के झुमके झपटे, कपड़े फाड़ने का आरोप
इस दौरान हमलावरों ने न केवल मां के कान के टॉप्स (झुमके) छीन ले गए। उनके कपड़े तक फाड़ दिए, जो किसी भी सभ्य समाज और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। महंत सिमी ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि घटना के तुरंत बाद रात में ही पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज करा दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद पुलिस अधिकारियों ने मामले को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया और अब तक कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की।

पुलिस को कार्रवाई न करने पर धरने की चेतावनी
उन्होंने प्रशासन को दो-टूक चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अगले 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो वे परसों उच्च अधिकारियों के समक्ष पेश होंगे। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि न्याय न मिलने की स्थिति में उनके साथ जुड़े अन्य गुरु, चेले और पूरा महंत समाज एकजुट होकर सड़कों पर उतरेगा। जब तक न्याय नहीं मिल जाता, तब तक अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








