नॉर्थ हलके में विकास की झड़ी, 1.72 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का मेयर वनीत धीर ने किया उद्घाटन
वार्ड-3 में 1.15 करोड़ रुपये की लागत से बनेंगी नई सड़कें, वार्ड-84 में युवाओं के लिए बनेगा आधुनिक बॉक्स क्रिकेट मैदान
कांग्रस ने वर्षों तक नॉर्थ हलके की समस्याओं को किया नजरअंदाज, अब ‘आप’ सरकार में जमीन पर दिख रहा विकास: मेयर वनीत धीर
मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में पंजाब में विकास कार्यों को मिली नई रफ्तार, नॉर्थ हलके की तस्वीर बदलने का संकल्प होगा पूरा
Buland Kesari/ जालंधर नॉर्थ हलके में विकास कार्यों को नई गति देते हुए आम आदमी पार्टी के नेता एवं मेयर वनीत धीर ने आज करीब 1.72 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास प्रोजेक्टों का उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं के पूरा होने से जहां इलाके के लोगों को बेहतर सड़कें और बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी, वहीं युवाओं को खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। मेयर ने कहा कि नॉर्थ हलके की तस्वीर बदलने का जो वादा किया गया है, उसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा किया जा रहा है। आने वाले समय में हलके के हर वार्ड में विकास कार्यों की रफ्तार और तेज की जाएगी।
इस विकास अभियान के तहत वार्ड नंबर-3 के सुंदर नगर में करीब 1.15 करोड़ रुपये की लागत से नई सड़कों का निर्माण करवाया जाएगा। इसके साथ ही वार्ड नंबर-84 में मकसूदां फ्लाईओवर के नीचे करीब 53 लाख रुपये की लागत से बॉक्स क्रिकेट मैदान तैयार किया जाएगा। इसके अलावा रविदास नगर में 5 लाख रुपए की लागत से नई गलियों के निर्माण का कार्य भी शुरू करवाया गया है। इन परियोजनाओं से इलाके के निवासियों को लंबे समय से पेश आ रही समस्याओं से राहत मिलेगी।
वार्ड नंबर-3 के सुंदर नगर में सड़कों के निर्माण कार्य का शुभारंभ करते हुए मेयर वनीत धीर ने कहा कि बेहतर सड़कें किसी भी इलाके के विकास की बुनियादी जरूरत होती हैं। लंबे समय से लोग टूटी सड़कों और बुनियादी सुविधाओं की कमी से परेशान थे। अब इन समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जा रहा है। इस अवसर पर इलाके की पार्षद बलजिंदर कौर लुबाना और पार्षद पति एवं आम आदमी पार्टी के नेता कुलदीप सिंह लुबाना भी मौजूद रहे।
वहीं वार्ड नंबर-84 में मकसूदां फ्लाईओवर के नीचे बॉक्स क्रिकेट मैदान और रविदास नगर में गलियों के निर्माण कार्य का उद्घाटन भी मेयर वनीत धीर ने किया। इस अवसर पर नगर निगम कमिश्नर सुरिंदर सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। पार्षद देस राज जस्सल ने विकास कार्यों की शुरुआत करवाने के लिए मेयर और इलाके के निवासियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और युवाओं को खेलों के लिए बेहतर मंच प्राप्त होगा।
मेयर वनीत धीर ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि विकास कार्यों को जमीन पर उतारना है। मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में पंजाब सरकार शहरों और गांवों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार की प्राथमिकता आम लोगों को बेहतर सड़कें, शिक्षा, स्वास्थ्य, साफ-सफाई और खेलों की सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। जालंधर नॉर्थ में शुरू किए गए ये प्रोजेक्ट इसी विकास सोच का हिस्सा हैं।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मेयर ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में जालंधर नॉर्थ हलके की समस्याओं को गंभीरता से हल करने के बजाय लगातार नजरअंदाज किया गया। इलाके के लोग टूटी सड़कों, गलियों और बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझते रहे, लेकिन उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान करने के लिए अपेक्षित प्रयास नहीं किए गए। चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करने वाली कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए नॉर्थ हलके के विकास को वह प्राथमिकता नहीं दी, जिसका यह क्षेत्र हकदार था। आज आम आदमी पार्टी की सरकार उन कमियों को दूर करने के लिए लगातार काम कर रही है।
मेयर वनीत धीर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में विकास की यह रफ्तार रुकने वाली नहीं है। नॉर्थ हलके के लोगों से किया गया विकास का वादा हर हाल में पूरा किया जाएगा और इसका लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचाया जाएगा।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








