Buland kesari/राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (NCSC) ने आगामी जनगणना कार्यों के लिए तैयार की गई आधिकारिक सूची में जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का संज्ञान लिया है। आयोग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पंजाब के जनगणना संचालन निदेशक को नोटिस जारी किया है।
आयोग ने नोटिस में पूछा है कि सरकारी दस्तावेजों में ऐसे शब्दों का इस्तेमाल क्यों किया गया और इस संबंध में क्या कार्रवाई की गई है। मामले के सामने आने के बाद सामाजिक संगठनों और दलित समुदाय में नाराजगी देखी गई थी।
आयोग ने संबंधित अधिकारियों से तय समय के भीतर जवाब मांगा है। साथ ही यह भी स्पष्ट करने को कहा गया है कि भविष्य में इस तरह की भाषा के इस्तेमाल को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे।
नोटिस की कॉपी…

पंजाब की अन्य बड़ी खबरें…
लुधियाना की छात्रा की ऑस्ट्रेलिया में मौत

लुधियाना की छात्रा की ऑस्ट्रेलिया के पर्थ शहर में सड़क हादसे में मौत हो गई। छात्रा वहां नर्सिंग की पढ़ाई के साथ पार्ट-टाइम नौकरी कर रही थी। बीते शनिवार की देर रात काम से घर लौटते समय एक तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। इससे उसे गंभीर चोटें आईं। उसे एम्बुलेंस से रॉयल पर्थ अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
छात्रा की पहचान कोमलप्रीत कौर (19) के रूप में हुई है। कोमलप्रीत पिछले साल ही ऑस्ट्रेलिया गई थी। वह पर्थ के मशहूर ‘स्टैनली कॉलेज’ से नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थीं। उसके पिता अमरीक सिंह भारतीय सेना से रिटायर्ड सूबेदार हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
मोगा में स्वाति मालीवाल के खिलाफ मानहानि केस में हुई सुनवाई

आम आदमी पार्टी की मोगा से विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा द्वारा राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के खिलाफ दायर मानहानि मामले में मोगा अदालत में सुनवाई हुई। विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (जेएमआईसी) आशिमा शर्मा की अदालत में पेश होकर अपना पक्ष प्रस्तुत किया।
यह मामला राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल द्वारा पंजाब के आम आदमी पार्टी विधायकों के लिए कथित तौर पर ‘भेड़-बकरी’ जैसी टिप्पणी करने से जुड़ा है। स्वाति मालीवाल हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुई हैं। इस बयान के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था, जिसके बाद विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने इसे जनप्रतिनिधियों का अपमान बताते हुए मानहानि का मुकदमा दायर किया। (पढ़ें पूरी खबर
लुधियाना में 3 बच्चों की मां ने किया सुसाइड

लुधियाना के थाना मेहरबान क्षेत्र के गांव जीवनपुर में 32 वर्षीय विवाहिता ने ससुराल वालों से परेशान होकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के धरने के बाद पुलिस ने जेठ, जेठानी और एक अन्य खिलाफ मामला दर्ज कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका के भाई गुरमुख सिंह चौहान ने पुलिस को बताया कि पूजा की शादी 2017 में सुरजन सिंह से हुई थी। उनके 3 बच्चे हैं। पति पिछले करीब 2 साल से ग्रीस में है। आरोप है कि उसके विदेश जाने के बाद से जेठ-जेठानी पूजा को लगातार परेशान करते थे और घर छोड़ने का दबाव बनाते थे।
शिकायत के अनुसार, 18 मई को पूजा ने फोन कर बताया था कि उसके साथ मारपीट हुई है और वह प्रताड़ना से परेशान है। कुछ देर बाद मासी नसीब कौर ने सूचना दी कि पूजा ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। (पढ़ें पूरी खबर)
जालंधर में श्री गुटका साहिब की बेअदबी से तनाव, सिख संगत और निहंग जत्थेबंदियों का प्रदर्शन

जालंधर के राजा गार्डन इलाके में श्री गुटका साहिब की बेअदबी का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही सिख संगत और निहंग सिंह जत्थेबंदियां बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गईं। इलाके में तनाव को देखते हुए थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस और PCR टीमें तैनात की गई हैं।
घटना सोमवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, राजा गार्डन में श्री गुटका साहिब के अंग (पन्ने) मिट्टी में बिखरे मिले। लोगों ने आरोप लगाया कि असामाजिक तत्वों ने माहौल खराब करने की नीयत से यह हरकत की है।
घटना के विरोध में निहंग सिंहों और स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। वहीं निहंग सिंहों ने कहा कि बेअदबी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। (पढ़ें पूरी खबर)
पठानकोट में इमिग्रेशन कंसल्टेंट को रंगदारी की धमकी, लॉरेंस गैंग के नाम पर मांगे 10 करोड़

पठानकोट में लॉरेंस गैंग के एक कथित सदस्य ने शहर के मशहूर इमिग्रेशन कंसलटेंट से 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी है। रकम न देने पर पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी गई है। कथित गैंगस्टर ने कंसलटेंट को उसके कार्यालय और घर का बकायदा एड्रेस भी बताया।
कंसलटेंट ने थाना डिवीजन नंबर 2 में शिकायत दर्ज करवाई तो पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में पठानकोट निवासी सचिन ने पुलिस को दिए बयान में इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया। सचिन पठानकोट के पॉश एरिया में इमीग्रेशन कंसल्टेंसी का काम करते हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








