Buland kesari/जालंधर के दयोल नगर स्थित बूटा मंडी में लग्जरी ट्रेड स्टूडियो की बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर अचानक आग लग गई। आग लगने से बाजार में अफरातफरी मच गई। आसपास के दुकानदारों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग और भड़क गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
दुकानदार अनमोल ने बताया कि वे गोदाम में बैठे थे, तभी अचानक बिल्डिंग से धुआं निकलने लगा। यह देखकर वे तुरंत बिल्डिंग में पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुट गई। अनमोल के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है।
आग पर काबू पाने के लिए शीशे तोड़े गए
मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के रजिंदर सोहता ने बताया कि उन्हें दुकान की दूसरी मंजिल में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद वे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरू किया। घटना के समय दुकान खुली हुई थी। आग पर काबू पाने के लिए बोर्ड हटाए गए और शीशे तोड़े गए।
सोहता ने आगे बताया कि आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है और इसके लिए चार दमकल गाड़ियों का इस्तेमाल किया गया। दमकल विभाग के कर्मी ने कहा कि उनकी अभी तक दुकान मालिक से कोई बात नहीं हुई है। इस घटना में किसी भी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








