Buland kesari/लुधियाना के सलेम टाबरी थाना इलाके में एक नौजवान पर कुछ बदमाशों ने तेजधार हथियारों (दातर) से जानलेवा हमला कर दिया। इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि कैसे कई लोग मिलकर अकेले नौजवान पर हथियारों से वार कर रहे हैं।
युवक की पहचान मनराजप्रीत सिंह (20 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसकी हालत नाजुक होने के कारण उसे चंडीगढ़ रेफर किया गया है। पीड़ित के पिता करनैल सिंह ने बताया कि यह घटना 10 तारीख की है। उनका बेटा मनराजप्रीत दुकान से अगले चौक की तरफ मुड़ रहा था। तभी वहां से गुजर रहे कुछ युवकों ने उसे रोक कर कहा कि ओए गाड़ी धीरे चलाया कर। इसी मामूली बात पर उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी।

पिता के मुताबिक बदमाशों ने दो बार हमला करने की कोशिश की। पहली बार जब वे आए तो मौके पर भीड़ होने के कारण चले गए। लेकिन कुछ देर बाद जब भीड़ कम हो गई, तो करीब 8 बदमाश नशे की हालत में तेजधार हथियारों के साथ दोबारा आए और मनराजप्रीत पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
CCTV फुटेज में कैद हुई वारदात
सामने आए CCTV फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। उन्होंने अकेले युवक को घेर लिया और उस पर दातर जैसे तेजधार हथियारों से हमला किया। पिता ने बताया कि मनराजप्रीत के पेट और कंधे पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल को तुरंत लुधियाना के सिविल अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन चोटें इतनी गहरी थीं और हालत इतनी नाजुक थी कि डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया।

फिलहाल परिवार चंडीगढ़ में बच्चे के इलाज में जुटा हुआ है और लगातार उसके टेस्ट व अल्ट्रासाउंड किए जा रहे हैं। पिता करनैल सिंह ने बताया कि अस्पताल में MLR (मेडिको-लीगल रिपोर्ट) कटवा दी गई है, लेकिन बेटे की गंभीर हालत के चलते वे अभी तक थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं करवा पाए हैं।
बदमाशों को राजनीतिक शह का आरोप
पीड़ित के पिता ने हमलावरों को आदतन अपराधी और गुंडागर्दी करने वाले बताया है। उनका आरोप है कि ये लोग अक्सर इलाके में दहशत फैलाते हैं और दुकानदारों व आम लोगों के साथ मारपीट करते हैं। राजनीतिक शह और खौफ के कारण कोई इनके खिलाफ शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा पाता।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। वहीं परिवार भी जल्द ही वापस आकर हमलावरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की मांग करेगा।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








