Buland kesari/जालंधर स्थित राजा गार्डन इलाके में श्री गुटका साहिब की बेअदबी का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही सिख संगत और निहंग सिंह जत्थेबंदियां बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गईं। इस घटना को लेकर इलाके के लोगों में भारी गुस्सा है, जिसके बाद स्थिति को संभालने के लिए थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस और पीसीआर (PCR) टीमें तैनात कर दी गई हैं।
घटना सोमवार रात 11 बजे हुई। पुलिस ने प्रभावित धार्मिक सामग्री को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय चश्मदीदों और नौजवानों के मुताबिक, राजा गार्डन इलाके में गुटका साहिब के अंग (पन्ने) बिखरे हुए पाए गए, जो मिट्टी में सने हुए थे। लोगों का आरोप है कि यह सब कुछ असमाजिक तत्वों द्वारा जानबूझकर आपसी भाईचारा बिगाड़ने के लिए किया गया है। लोगों के साथ निंहगों ने प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
निहंग सिंहों ने कड़ा रोष जताया
घटना के बाद मौके पर पहुंचे निहंग सिंहों ने कड़ा रोष जताते हुए कहा कि एक तरफ सरकार कड़े कानून बनाने की बात करती है, लेकिन दूसरी तरफ बेअदबी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि धर्म के अपमान को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को सबक सिखाया जाएगा।

पुलिस प्रशासन की कार्रवाई
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए थाना बस्ती बावा खेल के एसएचओ (SHO) अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित भीड़ को शांत कराया और गुटका साहिब के अंगों को पूरे सम्मान के साथ समेटकर आगे की कार्रवाई के लिए थाने भिजवाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहे हैं।इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि यह साफ हो सके कि यह हरकत किसने और किस समय की।
सख्त सजा देने की मांग
सिख जत्थेबंदियों और लकी खालसा समेत अन्य नौजवानों ने पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में शामिल दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। उन्होंने कहा कि कानून के तहत ऐसी सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए जो समाज में एक मिसाल बने। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








