Buland kesari/जालंधर बाईपास चौक के नजदीक पड़ते जस्सियां, भट्टियां, अमन नगर, बहादुर के रोड, शिवपुरी, काली सड़क, काकोवाल, और बस्ती जोधेवाल इलाके के कई निजी स्कूलों के पास पड़ते घनी आबादी वाले रिहायशी इलाकों में गैस माफिया द्वारा बेखौफ होकर मौत का काला कारोबार चलाया जा रहा है। लोगों की जान-माल के साथ खिलवाड़ कर रहे गैस माफिया के गुर्गों को मानो जैसे न तो खाकी का कोई खौफ है और न ही विभागीय कार्रवाई का डर।
शहर के विभिन्न इलाकों में घरेलू गैस की पलटी मारने दौरान गत समय दौरान हुए जानलेवा हादसों में कई बेगुनाह लोगों की दर्दनाक मौतें होने के बाद भी गैस माफिया द्वारा चलाया जा रहा मौत का यह काला कारोबार थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। ऐसे में सवाल उठने लाजिमी है कि गैस माफिया आखिर किसकी शह पर खुलेआम आम जनता की जान-माल को दांव पर लगाने से बाज नहीं आ रहा है या फिर माफिया द्वारा कुछ भ्रष्ट और रिश्वतखोर पुलिस कर्मचारियों की सैटिंग के साथ ही लोगों की जिंदगियों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है यह जांच का विषय है।
सूत्रों के मुताबिक गैस माफिया के गुर्गे आसपास के इलाकों में एक साथ कई मौत के अड्डे चला रहे हैं जहां पर उन्होंने नाजायज मिनी गैस एजैंसियों के रूप में दर्जनों घरेलू गैस सिलैंडर स्टोर कर रखे हैं, जो कि आगे गैस की पलटी और कालाबाजारी करने के लिए करियाना स्टोरों, मनियारी की दुकानों, बर्तन बेचने वालों, गैस चूल्हे ठीक करने वाली दुकानों और साइकिल रिपेयर करने वालों को गैस सिलैंडर सप्लाई कर मौत के काले कारोबार को गली मोहल्लों तक पहुंचाने का अपराध कर रहे हैं।
जल्द की जाएगी बड़ी कार्रवाई
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के कंट्रोलर सरताज सिंह चीमा ने दावा किया कि जालंधर बाईपास चौक के जस्सियां, भट्ठियां और अमन नगर इलाके में गैस माफिया द्वारा चलाए जा रहे मौत के काले कारोबार संबंधी लगातार शिकायतें मिल रही हैं। चीमा ने दावा किया कि गैस माफिया के खिलाफ जल्द ही बड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बेगुनाह जनता की जान-माल के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम में पुलिस प्रशासन के साथ सांझा कार्रवाई करेगी जिसमें गैस माफिया के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने सहित पुलिस द्वारा मौके पर ही मामला दर्ज किया जाएगा।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








