Buland kesari/लुधियाना जिले की खन्ना पुलिस ने 1 फरवरी को हुई 81 वर्षीय NRI महिला जगपाल कौर की हत्या का मामला सुलझा लिया है। महिला की हत्या किराएदार राहुल ने की थी। पुलिस को शुरू से किराए दार पर शक था। पुलिस ने इस मामले में मृतका के किराएदार राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। राहुल मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।
पुलिस जल्दी ही इस मामले की प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रही है। पुलिस के अनुसार, जगपाल कौर का शव 1 फरवरी को उनके घर के बाथरूम से बरामद हुआ था। उनके हाथ बंधे हुए थे और प्रारंभिक जांच में गला व मुंह दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई थी।वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया और साक्ष्य जुटाए।
आरोपी ने जुर्म कबूला
आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और मृतका के संपर्कों व किराएदारों से गहन पूछताछ की गई। लगातार जांच, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी राहुल को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह को लेकर पुलिस ने अभी कोई आधिकारिक खुलासा नहीं किया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझने से इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है। खन्ना की एसएसपी डॉ. दर्पण अहलूवालिया आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से घटना से जुड़े सभी तथ्यों और पुलिस कार्रवाई की विस्तृत जानकारी साझा करेंगी।
पुलिस ने जांच में पारदर्शिता और आरोपी को सख्त सजा दिलाने के लिए ठोस सबूत जुटाने का दावा किया है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








