Buland kesari/मुक्तसर में गिद्दड़बाहा के नजदीकी गांव कोटली अबलू में रविवार रात एक शादी समारोह उस समय अखाड़े में तब्दील हो गया, जब डीजे पर गाना लगवाने को लेकर शुरू हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पड़ोस के एक युवक ने अपने करीब 25 साथियों के साथ मिलकर दूल्हे के घर पर हमला बोल दिया।
हमलावरों ने न सिर्फ दूल्हे के चाचा को लहूलुहान किया, बल्कि घर के बाहर खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दो मोटरसाइकिलों को आग के हवाले कर दिया। सोमवार सुबह जहां घर से धूमधाम से बारात निकलनी थी वहां पुलिस की टीमें जांच कर रही थीं और परिवार दहशत के साए में था।
क्या था पूरा मामला
दूल्हे के पिता पूर्व पंच तरसेम सिंह ने बताया कि सोमवार को उनके बेटे आकाशदीप की बारात जानी थी। रविवार रात घर में जागो का कार्यक्रम चल रहा था और रिश्तेदार डीजे पर नाच रहे थे। इसी दौरान पड़ोस का एक युवक डीजे वाले पर अश्लील गाना बजाने का दबाव बनाने लगा।
जब दूल्हे के ममेरे भाई बलतेज सिंह उर्फ बब्बू ने इसका विरोध किया और डीजे वाले को गुरदास मान का कोई साफ-सुथरा गीत लगाने को कहा तो आरोपी युवक भड़क गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया लेकिन आरोपी देख लेने की धमकी देते हुए वहां से चला गया।

कमरों में छिपकर रिश्तेदारों ने बचाई जान
रात करीब 11:30 बजे जब समारोह समापन की ओर था आरोपी अपने साथ 20-25 हथियारबंद युवकों को लेकर वापस लौटा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों के हाथ में गंडासे और अन्य तेजधार हथियार थे। आते ही उन्होंने घर में मौजूद सामान को निशाना बनाना शुरू कर दिया। दूल्हे के चाचा पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बठिंडा रेफर किया गया है।
घर के अंदर खड़ी दो मोटरसाइकिलों को पेट्रोल डालकर फूंक दिया गया। मेहमानों की दो कारों के शीशे तोड़ दिए गए और टेंट-कुर्सियां पूरी तरह तहस-नहस कर दी गईं। वही दूल्हे के पिता ने कहा हम गरीब लोग हैं मजदूरी करके बेटे की शादी का इंतजाम किया था। हमलावरों ने लाखों का नुकसान कर दिया और हमारी खुशियां छीन लीं। हम दोषियों पर सख्त कार्रवाई चाहते हैं।
पुलिस कार्रवाई में जुटी
सोमवार सुबह गांव में तनाव का माहौल था। दूल्हा आकाशदीप और परिवार भारी मन से बारात लेकर रवाना हुए। सूचना मिलते ही थाना कोटभाई की प्रभारी दीपिका पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। थाना प्रभारी दीपिका कंबोज ने बताया कि घटनास्थल का जायजा ले लिया गया है। पीड़ित परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। तोड़फोड़ और मारपीट के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








