Buland kesari/जालंधर के बस्ती दानिश्मंदा में चोरी करते एक युवक को काबू किया गया। इस युवक को बिजली के मीटर की तारें काटते रंगे हाथों लोगों ने पकड़ लिया।आरोपी के पास से तार काटने वाला कटर और अन्य औजार बरामद हुए हैं। पकड़े जाने पर युवक ने खुद को निर्दोष बताते हुए नशा करने और दवाई लेने की आड़ में बचने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित लोगों ने उसे सबक सिखाने के लिए उसके गले में फूलों के हार डाल दिए। इसके अलावा स्थानीय लोगों ने चोर को जमकर पीटा।
आरोपी युवक बाबाखेल का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक पूरी तैयारी के साथ आया था और उसके पास तार काटने के लिए पेशेवर कटर भी मौजूद था। जैसे ही उसने मीटर की तारें काटकर भागने की कोशिश की, मोहल्ले के सतर्क लोगों ने उसे घेर लिया।

आरोपी पहले भी कई बार चोरी कर चुका है
पकड़े जाने के बाद जब लोगों ने उससे पूछताछ की, तो उसने अजीबोगरीब बहाने बनाने शुरू कर दिए। आरोपी ने दावा किया कि वह कोई चोर नहीं है, बल्कि ‘दवाई’ लेने के लिए लाइन में लगा था। जब उससे पूछा गया कि उसके पास कटर कहां से आया, तो उसने सारा इल्जाम अपने एक साथी पर मढ़ दिया। उसने कहा कि वह तो बस उसके साथ आया था और उसे नहीं पता था कि चोरी हो रही है। हालांकि, मौके पर मौजूद चश्मदीदों ने बताया कि यह युवक पहले भी कई बार चोरी की वारदातों में शामिल रहा है और अक्सर बैटरी या अन्य सामान चुराकर कबाड़ियों को बेचता है।
नशे के लिए करता था चोरियां
लोगों का गुस्सा उस समय और बढ़ गया जब युवक बार-बार झूठ बोलने लगा। स्थानीय निवासियों ने उसे सबक सिखाने के लिए आरोपी के गले में फूलों के हार डाल दिए और उसका जुलूस निकाला। लोगों का कहना था कि इसे सम्मान इसलिए दिया जा रहा है ताकि आगे से कोई ऐसी हरकत करने की जुर्रत न करे। पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए ही छोटी-मोटी चोरियां करता है। चोर को पुलिस के हवाले कर दिया गया
लोगों ने कहा कि इलाके में चोरों का आतंक बढ़ गया है, जिससे आम जनता का जीना मुहाल हो गया है। फिलहाल, लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले करने की तैयारी कर ली है। अब आरोपी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें युवक हाथ जोड़कर माफी मांगता और अपनी गलती स्वीकार करता नजर आ रहा है। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है कि इस चोरी में उसके साथ और कौन-कौन शामिल था।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.







