Buland kesari/लुधियाना में अवैध निर्माण को लेकर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। नगर निगम की शिकायत पर एक व्यक्ति के खिलाफ सील तोड़कर दुकानों का निर्माण करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी इस मामले की जांच कर रहे हैं।
रिहायशी एरिया के अंदर अवैध रूप से दुकानों का निर्माण किया
शिकायतकर्ता निरवाण सहायक नगर योजनाकार (एस्सिटेंट टाउन प्लानर) जोन-बी, नगर निगम लुधियाना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 अप्रैल 2026 को PGD नंबर 792991/792768 के तहत जांच के दौरान सामने आया कि मनीष कुमार ने न्यू शिवाजी नगर इलाके में रिहायशी एरिया के अंदर अवैध रूप से दुकानों का निर्माण कर रखा है।
नगर निगम द्वारा उक्त दुकानों पर सील लगाई गई थी
आरोप है कि नगर निगम द्वारा उक्त दुकानों पर सील लगाई गई थी, लेकिन आरोपी ने नियमों की अवहेलना करते हुए सील को तोड़ दिया और निर्माण कार्य जारी रखा। अधिकारियों को जब सूचना मिली तो उन्होंने मौके देख तुरंत पुलिस को सूचित किया। मामले में आरोपी की पहचान मनिष कुमार निवासी गली नंबर-4, न्यू शिवाजी नगर, लुधियाना के रूप में हुई है।
मामले की जांच जारी, पुलिस ने दर्ज किया केस
थाना डिवीजन नंबर-3 की पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 223, 221 और 329 के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








