Buland kesari/लुधियाना में होजरी फैक्ट्री के भीतर हुए सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने आज बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी चाचा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि शराब के नशे में शुरू हुई मामूली बहस ने खूनी मोड़ ले लिया था। इसके बाद चाचा ने अपने ही भतीजे को मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस ने इस मामले में आज औपचारिक रूप से धारा 103 (BNS) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह साफ हो गया है कि यह कोई सुनियोजित हत्या नहीं थी बल्कि नशे की हालत में उपजे गुस्से का अंजाम था। पुलिस ने आरोपी बच्चे लाल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी यूपी के जिला श्रावस्ती के गांव गलगल कोटिया का रहने वाला है।
खुलासा: शराब के दौर के बाद हुई गाली-गलौज और कत्ल
पुलिस ने बताया कि वारदात वाली रात फैक्ट्री में चाचा बच्चे लाल और उसका भतीजा एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। शराब के नशे में दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों एक-दूसरे को गालियां देने लगे। गाली-गलौज से गुस्साए चाचा बच्चे लाल ने तैश में आकर पास पड़ा लकड़ी का भारी स्टूल उठाया और भतीजे के सिर पर दे मारा। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण भतीजे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
क्या था पूरा मामला?
यह घटना संधू नगर स्थित एक होजरी फैक्ट्री की है। फैक्ट्री मालिक उमी लाली के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे उन्हें ठेकेदार राहुल का फोन आया कि फैक्ट्री में रह रहे लड़कों के बीच झगड़ा हो गया है। जब मालिक और पुलिस मौके पर पहुंचे, तो खून से लथपथ शव पड़ा मिला।
बताया जा रहा है कि भतीजा खुद ही करीब एक महीना पहले चाचा को काम दिलाने के लिए लुधियाना लेकर आया था। उसे क्या पता था कि जिस चाचा का वह सहारा बन रहा है वही उसे मौत के पास ले जाएगा।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








