Buland kesari/जालंधर में नगर निगम का कूड़ा ढोने वाले टिप्पर (ट्रक) की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान मिंटू मल्ली (60) के रूप में हुई है। हादसे के बाद ड्राइवर टिप्पर लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि मिंटू मल्ली अपनी एक्टिवा पर सवार होकर मार्केट की तरफ जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय पार्षद के अनुसार, यह हादसा नगर निगम की उस गाड़ी (टिप्पर) से हुआ जो कूड़े के डंप से वापस लौट रही थी। टिप्पर ने एक्टिवा को साइड मारी, जिसके बाद मिंटू संतुलन खो बैठे।

मौके से फरार हुआ ड्राइवर
हादसे के तुरंत बाद टिप्पर ड्राइवर वाहन समेत मौके से भागने में कामयाब रहा। घटना की जानकारी मिलते ही ACP वेस्ट और SHO बस्ती बावा खेल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इलाके के पार्षद और स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में वहां जमा हो गए।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस को घटनास्थल के पास से कुछ सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। वीडियो में नगर निगम का टिप्पर आता दिखाई दे रहा है। पुलिस फुटेज के जरिए गाड़ी के नंबर और ड्राइवर की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
परिजनों का बुरा हाल
मृतक मिंटू मल्ली का इलाके में काफी प्रभाव था और डंप रोड पर उनकी कई दुकानें भी हैं। हादसे की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों में रोष
इस घटना के बाद इलाके के लोगों में नगर निगम के वाहनों की रफ्तार और लापरवाही को लेकर काफी गुस्सा देखा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ड्राइवर को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








