गांव बादल स्थित स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज के हॉस्टल में बीती देर रात जीएनएम (दूसरे वर्ष) की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।
मृतका की पहचान जिला रोपड़ निवासी 20 वर्षीय तनु के रूप में हुई है। इस घटना के बाद संस्थान में हड़कंप मच गया और मानसिक तनाव व सदमे के कारण छह अन्य छात्राओं की हालत बिगड़ गई, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया। लंबी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना संस्थान के हॉस्टल नंबर-2 में रात करीब साढ़े नौ बजे हुई। बताया जा रहा है कि उस समय छात्रा अपने कमरे में अकेली थी। जैसे ही अन्य छात्राओं को घटना का पता चला, उन्होंने तुरंत हॉस्टल प्रबंधन को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सके।
छात्रा की मौत की खबर के बाद हॉस्टल में रह रही मृतका की दो रूममेट्स सहित कुल छह छात्राओं की तबीयत अचानक खराब हो गई। उन्हें रात करीब 11 बजे दो बार में संस्थान की एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल बादल पहुंचाया गया। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में उपचाराधीन छात्राएं अत्यधिक घबराहट में थीं और चीख रही थीं। उनके साथ आई वरिष्ठ छात्राओं ने बताया कि उन्हें केवल बीमार छात्राओं की देखभाल के लिए भेजा गया है और वे घटना के कारणों से अनजान हैं।
संस्थान की प्रिंसिपल प्रभजोत कौर ने बताया कि मामले की जांच जारी है और मृतका के परिवार को सूचित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। अन्य छात्राओं की हालत बिगड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसी घटना के बाद मानसिक तनाव के कारण छात्राओं का घबराना स्वाभाविक है। अस्पताल स्टाफ ने भी छह छात्राओं के खराब हालत में पहुंचने की पुष्टि की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








