Buland kesari/जालंधर में गुरूवार को अचानक BSF स्कूल भी खाली करा दिया गया है। यह स्कूल BSF के उसी हेडक्वार्टर में चल रहा है, जिसके बाहर मंगलवार की रात एक्टिवा में ब्लास्ट हुआ था। हालांकि अभी स्कूल खाली कराने की वजह सामने नहीं आई है।
स्कूल प्रिंसीपल रंजना डोगरा ने बताया कि उनको मैनेजमेंट की तरफ से फोन आया था कि बच्चों को आज एक घंटा पहले छुट्टी कर दें। हमें किसी तरह की थ्रेट की जानकारी नहीं है। कल के लिए क्या इंस्ट्रक्शन होंगे ये भी पेरेंट्स के स्कूल ग्रुपों में सूचित कर दिया जाएगा।
इसके अलावा APJ स्कूल को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जिसके बाद पुलिस तुरंत स्कूल में पहुंची और बच्चों की छुट्टी कर दी गई है। जालंधर पुलिस ने बताया कि एहतियातन तौर पर स्कूल को खाली करवा दिया गया है।
इस मौके स्कूल पहुंचे पेरेंट्स ने कहा कि उन्हें सिर्फ इतना मैसेज आया कि सिक्योरिटी रीजन है, इसलिए वह तुरंत अपने बच्चों को घर ले जाएं। कोई ड्यूटी पर था तो कोई अपने किसी पर्सनल काम पर, सब छोड़कर वह तुरंत बच्चों को लेने के लिए पहुंचे हैं। BSF हेडक्वार्टर और आर्मी कैंप में ब्लास्ट के बाद लोगों में ज्यादा डर है।
इसी बीच जालंधर की ADCP आकर्षि जैन ने कहा कि जालंधर के 5 से 6 स्कूलों को धमकी भरी मेल मिली है, पुलिस सभी स्कूलों में जांच कर रही है। अभी तक कहीं से कुछ संदिग्ध नहीं मिला।
इस धमकी की टाइमिंग भी सीएम भगवंत मान से जोड़कर देखी जा रही है। CM आज अपनी शुक्राना यात्रा के चलते जालंधर में हैं, जिसको लेकर पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। इसके बीच धमकी आने से पुलिस हाईअलर्ट पर है।

वहीं, जालंधर और अमृतसर में हुए ब्लास्टों में नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने जांच शुरू कर दी है। बुधवार को टीमें दोनों जगह पहुंचीं और जांच की। इसी बीच पंजाब पुलिस ने दावा किया है कि उन्होंने विस्फोटक सप्लायर को पकड़ लिया है। पुलिस का दावा है कि इसे जमशेर इलाके से गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान नवांशहर में बंगा के रहने वाले दविंदर के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि हाल ही में चंडीगढ़ में भाजपा हेडक्वार्टर के बाहर हुए ग्रेनेड अटैक में भी इसी ने ग्रेनेड सप्लाई किया था। उसे पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए विस्फोटकों की सप्लाई मिलती है, जिसे वह आगे सप्लाई करता था। पुलिस ने CM भगवंत मान के गुरुवार के जालंधर दौरे से ठीक पहले यह दावा किया है।
जालंधर में हुए धमाके का एक और वीडियो सामने आया है। इसमें बाइक पर एक पगड़ीधारी व्यक्ति आता है और धमाके वाली जगह रुकता है। कुछ ही देर में वह निकल जाता है, उसके जाने के 15 सेकेंड के बाद ब्लास्ट हो जाता है।

इस ब्लास्ट के मामले में पुलिस ने रिटायर्ड BSF जवान के बेटे को हिरासत में लिया है। दूसरा ब्लास्ट अमृतसर में आर्मी कैंप के बाहर हुआ। यहां कैंप के भीतर ग्रेनेड फेंकने की कोशिश थी, लेकिन वह दीवार से टकराकर फट गया। बुधवार सुबह खालिस्तान लिबरेशन आर्मी (KLA) के नाम से एक पोस्टर शेयर कर ब्लास्ट की जिम्मेदारी ली। इसमें कहा गया कि उनके टारगेट पर अमृतसर रेंज के DIG संदीप गोयल व उनका पूरा परिवार है। हम इतना खून बहाएंगे कि सब कुछ लाल दिखाई देगा। हालांकि, DGP गौरव यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ किया कि इस नाम का कोई संगठन नहीं है।

ब्लास्ट-बम धमकी से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए….

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








