Buland kesari/पंजाबी सिंगर इंदर कौर के लुधियाना में हुए मर्डर केस में ट्विस्ट आ गया है। कत्ल के आरोपी NRI सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खी बराड़ के वकील का दावा है कि यह कत्ल नहीं सुसाइड है। सुक्खी के अकाउंट से इंदर को 60-70 लाख की ट्रांजेक्शन भी हुई है। सुक्खी परिवार की फोटो इंस्टाग्राम पर डालता था, ऐसे में इंदर को कैसे पता नहीं था कि वह शादीशुदा है। सुक्खी पंजाब आया था, इसका भी किसी के पास कोई सबूत नहीं है।
वकील ने सुक्खी के पिता को केस में नामजद करने को भी गलत करार देते हुए पुलिस की जांच थ्योरी और इंदर के परिवार के आरोपों पर कई सवाल खड़े किए। वकील का दावा है कि इसी वजह से कोर्ट ने आरोपियों का 5 दिन के बजाय एक ही दिन का रिमांड दिया। इंदर की लाश 19 मई को लुधियाना की नीलो नहर से मिली थी।
जिसके बाद कार भी कुछ किमी दूर बरामद हुई। पुलिस ने इस मामले में सुक्खी, उसके पिता व 2 दोस्तों पर कत्ल केस दर्ज किया है। जिसमें सुक्खी के पिता प्रीतम सिंह व 2 दोस्त गिरफ्तार भी किए जा चुके हैं। पुलिस का कहना था कि सुक्खी जबरन इंदर से शादी करना चाहता था लेकिन सुक्खी के पहले से शादीशुदा होने की वजह से उसने इनकार कर दिया था।

सुक्खी बराड़ के वकील ने केस को लेकर कही अहम बातें:-
- गोली जांच का विषय, कार से खून मिलना कत्ल नहीं बताता: सुक्खी बराड़ के वकील इश्वरजोत ने कहा- इंदर कौर की हत्या हुई या सुसाइड, यह जांच का हिस्सा है। इंदर को गोली लगी है या नहीं, यह अभी जांच का विषय है। पोस्टमॉर्टम के बाद ही यह खुलासा होगा। कार में से खून के धब्बे मिलना यह डिसाइड नहीं करता की इंदर कौर की हत्या हुई है। गाड़ी अगर नहर में गिर गई होगी तो ये हादसा भी हो सकता है।
- पुलिस ने कोर्ट में कहा- गनशॉट के निशान नहीं: एडवोकेट ने कहा- पिछली बार रिमांड लेने के समय पुलिस ने कहा था कि हमें गाड़ी में से खून के धब्बे मिले है। कोर्ट ने पूछा था कि क्या कोई गनशॉट के निशान आदि मिले तो पुलिस ने मना किया। तब भी कोर्ट ने पूछा कि यदि गन का कुछ मिला नहीं तो सेक्शन 25, 27 आर्म्स एक्ट में कैसे लगा दिया। पुलिस के पास कोई जवाब नहीं था।
- सुक्खी- इंदर रिलेशन में थे, ताली एक हाथ से नहीं बजती: सुक्खी बराड़ और इंदर कौर पहले से रिलेशन में थे। यदि कोई इंस्टाग्राम आदि पर परिवार के साथ फोटो पोस्ट करता है तो पता चल ही जाता है कि उसका क्या स्टेटस है। इंदर कौर के साथ सुखविंदर की अच्छी बनती थी। ताली कभी एक हाथ से नहीं बजती। सुक्खी के खातों से लाखों रुपए की ट्रांजेक्शन हुई। हमारे पास सबूत हैं। हम जल्द सबके आगे रखेंगे।
- हमने रेड कराई तो पिता को अरेस्ट दिखाया: एडवोकेट इश्वरजोत ने कहा कि सुक्खी के पिता सेना से रिटायर्ड हैं। पुलिस ने उनका नाम इस केस से जोड़ा और 12 घंटे अवैध हिरासत में रखा। हमने हाईकोर्ट में रिट डालकर रेड कराई। इसके बाद पुलिस ने अगले दिन ही शाम को उनकी अरेस्ट डिसक्लोज कर दी। पैसे हड़पने के लिए सुखविंदर व उसके पिता को फंसाने की साजिश रची गई।
- सुक्खी भारत आया, इसका पिता को भी नहीं पता: एडवोकेट ने दावा किया कि सुक्खी भारत आया था, इसके बारे में पिता को पता ही नहीं है। वह वहां मौजूद भी नहीं थे, जहां इंदर की हत्या का दावा किया जा रहा है। इंदर के परिवार के पास भी इसका कोई सबूत नहीं है। उन्हें और पुलिस को ये प्रूफ करना होगा।
- गनपॉइंट पर अगवा या सी-ऑफ करने गई: एडवोकेट इश्वरजोत ने इंदर की फैमिली के बयानों के आधार पर कहा कि सिंगर के परिवार को यह क्लियर करना चाहिए कि उसे गनपॉइंट पर अगवा किया गया था या फिर वह सुक्खी को सी-ऑफ करने गई थी। अगर गनपॉइंट पर अगवा किया तो फिर वहां CCTV कैमरे लगे होंगे, उससे पता चल जाएगा।
इंदर कौर के वकील बोले- बचाव पक्ष वाले तो यही कहेंगे इंदर कौर के वकील हरकमल सिंह ने कहा कि बचाव पक्ष के कहने से कुछ नहीं होता। आरोपियों का पिछले 6 दिन से रिमांड चल रहा है। बचाव पक्ष का वकील है तो वह उनके बचाव की बात करेंगे ही। सुखविंदर जब कनाडा जाता था तो वह अपने दोनों पिस्टल किसे देकर जाता था। उसके घर में उसका पिता ही था, जिसे वह पिस्टल देकर जाता था। पिता ने ही उसे पिस्टल देकर भेजा।
यह बात कोर्ट ने भी मानी है। पिता को पिस्टल रखने और इंदर कौर की हत्या के लिए मोहाली में प्लानिंग करते वक्त शामिल होने की वजह से केस में नामजद किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फूटेज खंगालने की कोशिश कर रही है। पिस्टल तो इससे बरामद हो ही गई है।
सुखविंदर पर जो FIR दर्ज हुई है उसके मुताबिक उसके खिलाफ LOC जारी हो जाएगी। वह खुद-ब-खुद पुलिस के हत्थे चढ़ जाएगा तो क्लियर हो जाएगा कि वह भारत आया है या नहीं। बाकी पुलिस सीसीटीवी भी खंगाल रही है कि जहां सुखविंदर नजर आ जाए।
पुलिस बोली- आरोपी ऐसे ही कहते हैं सुक्खी के वकील के दावों को लेकर जब लुधियाना के थाना जमालपुर के SHO दलवीर सिंह से बात की गई तो उनका कहना था कि आरोपी ऐसे ही कहते हैं। उन्होंने सुखविंदर के पिता को अवैध रूप से हिरासत में रखने के आरोप पर भी यही जवाब दिया।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








