Buland kesari/पंजाब में पावरकॉम आउटसोर्स स्पॉट बिलिंग मीटर रीडर यूनियन ने अपनी लंबित मांगों को लेकर खन्ना में बिजली मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद के आवास के बाहर राज्य स्तरीय धरना दिया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में मीटर रीडरों और सुपरवाइजरों ने भाग लिया और सरकार तथा पावरकॉम प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
यूनियन नेताओं ने धरने को संबोधित करते हुए बताया कि आउटसोर्स के माध्यम से स्पॉट बिलिंग का कार्य कर रहे कर्मचारी बेहद जोखिम भरे माहौल में अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। घर-घर जाकर मीटर रीडिंग करते समय उन्हें कई खतरों का सामना करना पड़ता है, जिससे जान-माल के नुकसान का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद उन्हें न तो स्थायी नौकरी की सुरक्षा मिली है और न ही अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
3 साल की नीति के तहत स्पॉट बिलिंग
यूनियन की मुख्य मांगों में से एक यह है कि पंजाब सरकार द्वारा बनाई तीन साल की नीति के तहत स्पॉट बिलिंग का कार्य कर रहे सभी कर्मचारियों को तुरंत शामिल कर अधिसूचना जारी की जाए। नेताओं ने जोर दिया कि वर्षों से सेवा दे रहे कर्मचारी सरकार से न्याय की उम्मीद रखते हैं और उनकी मांगों को अब और अधिक समय तक नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
ऑफर और जॉइनिंग लेटर जारी किए जाए
इसके अतिरिक्त, यूनियन नेताओं ने मांग की कि स्पॉट बिलिंग का कार्य कर रहे सभी कर्मचारियों को पावरकॉम द्वारा सीधे तौर पर ऑफर और जॉइनिंग लेटर जारी किए जाए। उनका कहना था कि बिलिंग का कार्य विभाग के अधीन करवाया जाना चाहिए, क्योंकि निजी कंपनियों के माध्यम से काम लिए जाने के कारण कर्मचारियों का लगातार शोषण हो रहा है और उन्हें रोजगार की सुरक्षा नहीं मिल रही है।
सुपरवाइजरों को बिना गलती नौकरी से निकाला
धरनाकारियों ने आरोप लगाया कि कंपनी की नीतियों के कारण कई मीटर रीडरों और सुपरवाइजरों को बिना किसी गलती के नौकरी से निकाल दिया गया है। उन्होंने मांग की कि ऐसे सभी कर्मचारियों को तुरंत प्रभाव से नौकरी पर बहाल किया जाए और उनके साथ हुए अन्याय को समाप्त किया जाए।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








