Buland kesari/लुधियाना के साहनेवाल में वैष्णो देवी से लौट रहे यात्रियों का एक्सीडेंट हो गया। यात्री ऑल्टो कार में सवार थे। बताया जा रहा है कि आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे पीछे आ रही कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार में बैठे लोगों को काफी चोटें आई हैं।
एक व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी हालत बिगड़ गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे चंडीगढ़ रेफर किया गया। हालांकि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। हादसे में मृतक की पत्नी और दोनों बच्चे भी घायल हो गए। पुलिस ने वाहन ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में उत्तर प्रदेश के जिला मुरादाबाद के मोहल्ला पट्टीवाला कठ निवासी रजनीश शर्मा ने बताया कि उनके बुआ के बेटे नरेंद्र कुमार (46) आदर्श नगर हरिद्वार रोड, देहरादून के रहने वाले थे। वह अपनी पत्नी रितेश, बेटे यश कुमार और बेटी रिया कुमारी के साथ ऑल्टो कार में सवार होकर माता वैष्णो देवी के दर्शन के बाद घर लौट रहे थे।
वाहन से टकराई ऑल्टो कार
16 जून की सुबह करीब 4:30 बजे जब परिवार की कार साहनेवाल स्थित गुरुद्वारा रेरू साहिब के सामने पहुंची, तभी आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन ड्राइवर ने लापरवाही से ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे चल रही ऑल्टो कार उस वाहन से टकरा गई।
घटना के बाद वाहन ड्राइवर मौके से फरार
हादसे में कार सवार सभी लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल चंडीगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने नरेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद वाहन ड्राइवर मौके से फरार हो गया। नरेंद्र प्राइवेट नौकरी करते थे।
थाना साहनेवाल पुलिस ने शिकायतकर्ता रजनीश शर्मा के बयान के आधार पर अज्ञात वाहन ड्राइवर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 106, 125(ए), 125(बी) और 324(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक की पहचान के प्रयास कर रही है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








