Buland kesari/लुधियाना में कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी फिर खुलकर सामने आ गई। फिरोजपुर रोड स्थित एक होटल में बीते दिन आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी बहस हो गई। हंगामे का वीडियो भी सामने आया है।
कार्यक्रम में मौजूद हलका सेंट्रल के ब्लॉक प्रधान विपन अरोड़ा और जिला प्रधान संजय तलवाड़ के दफ्तर इंचार्ज बोबी के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि अरोड़ा नाराज होकर मीटिंग छोड़कर बाहर निकल गए। इस दौरान उन्होंने संगठन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। घटना ने एक बार फिर जिला कांग्रेस में चल रहे अंदरूनी मतभेदों को उजागर कर दिया है।
ब्लॉक प्रधान बोले- 8 प्रधान भी नहीं संभलते कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कैप्टन संदीप संधू ने नीट परीक्षा और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में विद्यार्थियों को आने वाली समस्याओं को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई थी। कार्यक्रम में जिला और ब्लॉक स्तर के कई कांग्रेस नेता मौजूद थे।
इसी दौरान हलका सेंट्रल के ब्लॉक प्रधान विपन अरोड़ा और जिला कांग्रेस प्रधान संजय तलवाड़ के दफ्तर इंचार्ज बोबी के बीच किसी बात को लेकर बहसबाजी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बहस के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
वीडियो में भी देखा जा सकता है कि विपन अरोड़ा काफी नाराज नजर आ रहे हैं। उन्होंने बोबी से कहा कि आपसे 1 ब्लॉक प्रधान ही नहीं संभाला जा रहा। इसके बाद अन्य कांग्रेस नेताओं ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया।
कुछ देर बाद विपन अरोड़ा गुस्से में मीटिंग हॉल से बाहर निकल गए। बाहर मौजूद पत्रकारों ने जब उनसे नाराजगी का कारण पूछा तो उन्होंने संगठन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिला नेतृत्व की ओर से कई बार कार्यक्रमों और बैठकों की सूचना तक नहीं दी जाती।
समन्वय की कमी और नेताओं में मतभेद खुले
इस मौके पर अरोड़ा ने कहा कि कम से कम फोन करके यह तो बताया जाना चाहिए कि कोई मीटिंग या कार्यक्रम रखा गया है। उनके इस बयान से जिला कांग्रेस में समन्वय की कमी और नेताओं के बीच चल रहे मतभेद फिर चर्चा का विषय बन गए हैं।
फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं कांग्रेस के स्थानीय नेताओं की ओर से मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








