Buland kesari/लुधियाना में पुरानी रंजिश के चलते एक करियाना दुकानदार के बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने युवक को घर के बाहर घेरकर हथियारों से लहूलुहान कर दिया। डीएमसी अस्पताल में इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान इंदरजीत सिंह उर्फ चन्नी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, परिवार की इलाके में करियाना की दुकान है और आरोपियों के साथ किसी बात को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी। मृतक इंदरजीत सिंह अभी अविवाहित था और अपने परिवार का प्रमुख सहारा था। शनिवार रात इसी पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।
घर के बाहर खड़ा था इंदरजीत, अचानक हथियारों से लैस होकर आए बदमाश
मृतक के भाई (35 साल) ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 4 जुलाई की रात को जब वह अपनी माता रंजीत कौर और पिता हरपाल सिंह के साथ घर के अंदर मौजूद था, तब उनका बड़ा भाई इंदरजीत सिंह उर्फ चन्नी घर के बाहर गली नंबर 2 में खड़ा था।
अचानक गली में शोर-शराबा और चीख-पुकार सुनकर जब परिवार घर से बाहर भागा तो देखा कि रवि कुमार उर्फ चिंचत, आकाश, शिवम पंडित, अभिषेक, गगनप्रीत सिंह उर्फ गग्गी चिड़ीमार और हरप्रीत सिंह उर्फ हनी अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ इंदरजीत को घेरकर खड़े थे ।
बचाने आए मां-बाप को भी पीटा, अस्पताल में टूटी सांसें
भाई ने बताया कि जब उन्होंने और उनके माता-पिता ने आरोपियों के चंगुल से इंदरजीत को छुड़ाने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उनपर भी हमला कर दिया। उनकी बुरी तरह पिटाई की गई। बदमाश जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। खून से लथपथ इंदरजीत को तुरंत डीएमसी अस्पताल ले जाया गया। जख्मों के ताव न सहते हुए इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही थाना डाबा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या), 191(3) और 190 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी परमदीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच तेज कर दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न इलाकों में छापेमारी की जा रही है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








