Buland kesari/अमृतसर में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना घरिंडा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1 किलो 147 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसमें पैकिंग मटीरियल भी शामिल है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, थाना घरिंडा की पुलिस पार्टी टी-प्वाइंट अटारी के पास रविवार को गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपा, निवासी नौशहरा ढाला, और अमनदीप सिंह, निवासी ढोडीविंड, हाल निवासी अटारी, हेरोइन की सप्लाई के लिए डिफेंस नहर की ओर पैदल आ रहे हैं।
टीम ने बताए गए स्थान पर नाकाबंदी कर दी
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद दोनों संदिग्ध वहां पहुंचे, जिन्हें पुलिस ने काबू कर लिया। यह कार्रवाई सब-डिवीजन अटारी के डीएसपी यादविंदर सिंह की मौजूदगी में की गई।
1 किलो 147 ग्राम हेरोइन बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाशी ली, जिसके दौरान उनके कब्जे से कुल 1 किलो 147 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-C, 29 और 61-85 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस पूछताछ में जुटी, नेटवर्क खंगाल रही
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच एएसआई लखा सिंह कर रहे हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि हेरोइन उन्हें कहां से मिली और इसे आगे किन लोगों तक सप्लाई किया जाना था। पुलिस को पूछताछ के दौरान नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के बारे में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








