Buland kesari/पंजाबी सिंगर वरिंदर बराड़ के एल्बम 9/11 के विवादित टेबल सीन को लेकर चल रहे विवाद में अब वीडियो में नजर आई मॉडल और एक्ट्रेस अक्षिता शर्मा सामने आई हैं। एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में अक्षिता ने म्यूजिक वीडियो के मेकर्स और डायरेक्टर पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
उन्होंने दावा किया कि शूटिंग से पहले उन्हें बताया गया था कि गाने में उनके सिर्फ दो छोटे शॉट होंगे, लेकिन सेट पर पहुंचने के बाद पूरी कहानी बदल दी गई और उन्हें मुख्य किरदार निभाने के लिए कहा गया। अक्षिता का आरोप है कि जिस सीन को लेकर विवाद खड़ा हुआ, उसे उन्होंने काफी देर तक करने से इनकार किया था, लेकिन मानसिक दबाव और मनाने के बाद शूट कराया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि बाद में सीन हटाने का भरोसा दिया गया, लेकिन उनकी सहमति के बिना उसे वीडियो में शामिल कर लिया गया। अक्षिता के इन आरोपों के बाद म्यूजिक और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में कलाकारों की सहमति और अधिकारों को लेकर बहस तेज हो गई है।

अक्षिता ने बताई टेबल वाले सीन की पूरी कहानी..
सिर्फ 2 शॉट्स की बात कहकर बुलाया, सेट पर बदली कहानी
अक्षिता ने अपनी बैकस्टोरी का खुलासा करते हुए बताया कि उन्हें डायरेक्टर ने वीडियो की शूटिंग से ठीक एक रात पहले कॉल किया था। उनसे कहा गया था कि गाने में उनके सिर्फ दो छोटे फिलर शॉट्स होंगे, जिसमें उन्हें सिंगर की आंखों पर हाथ रखना होगा और गन चलानी होगी।
अक्षिता के मुताबिक, यह एक फ्रेंडशिप बेसिस पर किया जा रहा काम था, इसलिए अपनी तय फीस के चौथे हिस्से से भी कम (टोकन मनी) पर काम करना स्वीकार कर लिया। जब वह अगले दिन सेट पर पहुंचीं, तो मेकर्स ने अचानक पूरी कहानी बदल दी। उन्हें बताया गया कि वह एक गैंगस्टर की गर्लफ्रेंड का मुख्य किरदार निभा रही हैं।
डेढ़ घंटे तक किया मना, सॉफ्ट मैन्युपुलेट किया
सबसे बड़ा विवाद गाने के उस टेबल सीन को लेकर है, जो सोशल मीडिया पर ट्रोल हो रहा है। अक्षिता ने बताया कि वह सीन पहले एक जूनियर आर्टिस्ट से कराया गया था, लेकिन मेकर्स को वह विजुअल पसंद नहीं आया। इसके बाद डायरेक्टर और टीम ने मुझसे वह सीन करने की जिद शुरू कर दी। मुझे वह बेहद अनकंफर्टेबल लग रहा था, इसलिए मैंने करीब डेढ़ से दो घंटे तक मना किया।
अक्षिता ने आगे कहा कि सुबह के 3-4 बज रहे थे। मैं वहां बिल्कुल अकेली थी, मेरे साथ न मेरी मेकअप टीम थी और न ही मेरा कोई मैनेजर। डायरेक्टर ने मुझे ड्रेक और ट्रेविस स्कॉट जैसे इंटरनेशनल स्टार्स के गानों के रेफरेंस दिखाए और कहा कि ‘आप आर्ट को नहीं समझ रही हैं, आप ज्यादा सोच रही हैं। इस मानसिक दबाव और सॉफ्ट मैन्युपुलेशन के आगे मैं हार गई और डायरेक्टर पर भरोसा करके शॉट दे दिया।

गाना हिट कराने के लिए मेरा इस्तेमाल किया
इंटरव्यू में एक्ट्रेस ने मेकर्स की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि शूटिंग के बाद जब उन्होंने अपनी असहजता जाहिर की, तो डायरेक्टर ने वादा किया कि रिलीज से पहले उन्हें वीडियो का ड्राफ्ट दिखाया जाएगा और पसंद न आने पर सीन काट दिया जाएगा। लेकिन रिलीज से एक दिन पहले डायरेक्टर ने झूठ बोला कि सिंगर को खुद वह सीन पसंद नहीं आया और उसे हटा दिया गया है।
अक्षिता ने कहा कि वीडियो रिलीज होने पर मुझे झटका लगा। वह पूरा विवादित सीन वीडियो में था। मुझे समझ आया कि वे मुझे वीडियो इसलिए नहीं दिखा रहे थे, क्योंकि उन्हें पता था कि मैं कानूनी तौर पर अपनी सहमति नहीं दूंगी। उन्होंने सिर्फ कंट्रोवर्सी क्रिएट करने और गाने को वायरल करने के लिए मेरे विजुअल्स का गलत इस्तेमाल किया।
टीम ही सोशल मीडिया पर फैला रही झूठ
अक्षिता ने मेकर्स पर एक और चौंकाने वाला आरोप लगाते हुए कहा, विवाद बढ़ने के बाद मेकर्स की खुद की पीआर टीम सोशल मीडिया और यूट्यूब पर यह नैरेटिव सेट कर रही है कि ‘मॉडल ने पैसे लिए हैं, वह तो यह करेगी ही। जबकि मुझे इसके लिए बेहद मामूली रकम मिली थी।
उन्होंने यह भी बताया कि जब उन्होंने सीन हटाने की गुहार लगाई, तो सिंगर के मैनेजर ने मामले को दबाने के लिए उन्हें कश्मीर में अगले बड़े प्रोजेक्ट का ऑफर दे दिया, जिसे अक्षिता ने तुरंत ठुकरा दिया।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








