Buland kesari/फरीदकोट में अपने ही गांव के लड़के से लवमैरिज करने पर 20 साल की लड़की की हत्या कर दी गई। लड़की के परिजन ने लड़की को तेजधार हथियार से काटा। इसके बाद उसके शव को खेतों में फेंक दिया। मंगलवार सुबह उसकी लाश खेतों में कंटीली फेंसिंग के पास पड़ी मिली।
बताया जा रहा है कि करीब ढाई महीने पहले ही लड़की ने लवमैरिज की थी। इसके बाद वह लड़के के साथ गांव छोड़कर बठिंडा चली गई थी और वहीं रहने लगी थी। सोमवार को लड़की के परिजन ने दोनों को मिलने के बहाने बुलाया था। यही मौका देखकर परिजन ने लड़की को काट दिया।
जबकि, लड़का किसी तरह भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने ऑनर किलिंग के इस केस में लड़की के परिजन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। हालांकि, अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई।

हाईवे के किनारे खेतों में मिला शव
पुलिस के अनुसार, मृत लड़की की पहचान महकप्रीत कौर के रूप में हुई है। वह फरीदकोट के गांव बुर्ज हरिका की रहने वाली थी। उसका शव कोटकपूरा के पास अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे के किनारे खेतों से बरामद हुआ है।
डीएसपी (देहात) अवतार सिंह राजपाल ने बताया कि गांव बुर्ज हरिका की रहने वाली 20 वर्षीय लड़की महकप्रीत कौर को अपने ही गांव के लड़के जगदीप सिंह से प्यार हो गया। इन दोनों ने 4 मार्च को कोर्ट में लवमैरिज कर ली। जबकि, इनके माता-पिता इस शादी के खिलाफ थे।
शादी के बाद बठिंडा में रह रहा था कपल
शादी के बाद महकप्रीत और जगदीप दोनों बठिंडा के गांव भगता भाईका में किराए का मकान लेकर रहने लगे थे। इसकी जानकारी इनके परिजन को नहीं थी। हालांकि, इनके फोन पर इन्हें परिजन जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। इसके बारे में उन्होंने थाना बाजाखाना पुलिस को शिकायत दी हुई थी।
बताया जा रहा है युवती की अपनी माता के साथ फोन पर बातचीत होती रहती थी। रविवार को भी लड़की ने अपनी मां से फोन पर बात की। इस दौरान उसकी मां ने उसे मिलने बुलाया। लड़की से कहा गया कि सोमवार शाम कोटकपूरा के पास गांव ढिलवां कलां के गुरुद्वारा साहिब में आ जाना। वहीं मुलाकात हो जाएगी।

युवती की मां ने बुलाया, परिजन ने घेरा
DSP के अनुसार, जब महकप्रीत और जगदीप सिंह मोटरसाइकिल से ढिलवां कलां के पास पहुंचे तो कार में आए युवती के परिजनों ने उन्हें घेर लिया। हालांकि, यह अभी साफ नहीं है कि लड़की की मां ने ही अपने अन्य परिजन को लड़की के आने की सूचना दी थी या फिर किसी और जरिए से परिजन को इस बारे में पता चल गया।
परिजन को आता देख दोनों लड़का-लड़की अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगे। इस दौरान परिजन ने युवती को पकड़ लिया। इसके बाद तेजधार हथियारों से उसका गला काट डाला। इसके बाद उसकी लाश खेत में कंटीले तारों पर फेंक दी।
इसी बीच युवक अपनी जान बचाकर भागने में कामयाब रहा। हालांकि, वह भागकर कहां गया, इसके बारे में किसी को नहीं पता है। मंगलवार सुबह जब खेतों में काम करने किसान आए तो उन्होंने लड़की की लाश पड़ी देखी और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर सिटी कोटकपूरा थाना और बाजाखाना पुलिस मौके पर पहुंची।

भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम पहुंची मौके पर
घटना की गंभीरता को देखते हुए कोटकपूरा के DSP संजीव कुमार, DSP (देहात) अवतार सिंह राजपाल और थाना सिटी कोटकपूरा के SHO सुखविंदर सिंह CIA स्टाफ सहित पुलिस टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। बारीकी से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
DSP (देहात) अवतार सिंह राजपाल ने कहा कि जांच में सामने आया है कि युवती के परिजन इस प्रेम विवाह से बेहद नाराज थे और इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








