जालंधर (बुलंद केसरी): ‘ॐ जय जगदीश हरे’ आरती के रचयिता एवं धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले महान विद्वान पंडित श्रद्धा राम फिल्लौरी का जन्म दिवस ब्लिस पब्लिक स्कूल में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर स्कूल की मॉर्निंग असेंबली में विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने ‘ॐ जय जगदीश हरे’ आरती का गायन कर पंडित श्रद्धा राम फिल्लौरी को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान वीकेंड रिपोर्ट के संपादक प्रदीप वर्मा ने विद्यार्थियों को पंडित श्रद्धा राम फिल्लौरी के जीवन, उनके धार्मिक योगदान और समाज में धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए किए गए कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्रदीप वर्मा ने बताया कि पंडित श्रद्धा राम फिल्लौरी ने अपने समय में धर्म एवं भारतीय संस्कृति के प्रचार के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों की जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने तत्कालीन कपूरथला राज्य के महाराजा रणधीर सिंह को धर्म परिवर्तन से रोकने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
उन्होंने यह भी बताया कि पंडित श्रद्धा राम फिल्लौरी ने धार्मिक साहित्य के माध्यम से लोगों तक भारतीय संस्कृति और धार्मिक विचार पहुंचाने का प्रयास किया। उन्होंने रामायण एवं महाभारत के प्रसंगों को प्रकाशित करवाकर लोगों में वितरित किया, ताकि अधिक से अधिक लोग अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़ सकें।
कार्यक्रम के अंत में प्रदीप वर्मा ने स्कूल प्रबंधन, स्टाफ एवं उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर स्कूल स्टाफ के अलावा धर्म जागरण के महानगर प्रशासन प्रमुख रोहित जसवाल एवं संदीप गगन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित करवाना तथा पंडित श्रद्धा राम फिल्लौरी जैसे महान व्यक्तित्वों के योगदान से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.







