Buland kesari/लुधियाना के जगराओं पुलिस ने कनाडा में बैठे गैंगस्टर गोपी लाहौरिया की अपराधिक साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने लुधियाना में वारदात को अंजाम देने जा रहे उसके दो शूटरों को काबू किया है। इनके पास से पुलिस ने दो देसी पिस्टल .32 बोर, चार जिंदा कारतूस, दो खाली मैगजीन और एक बिना नंबर की बाइक बरामद की है। पुलिस ने तीन पर केस दर्ज किया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कुलविंदर सिंह उर्फ किंदा और हर्षदीप सिंह उर्फ बिल्ला के रूप में हुई है। इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड दविंदरपाल सिंह उर्फ गोपी लाहौरिया है, जो मोगा के लाहौरियां वाला मोहल्ला, बुकान वाला रोड का निवासी है और वर्तमान में कनाडा में रह रहा है। उसे भी मामले में नामजद किया गया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की थी नाकेबंदी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि कुलविंदर सिंह और हर्षदीप सिंह बिना नंबर की बाइक पर मोगा से लुधियाना की ओर आ रहे हैं। उनके पास अवैध हथियार थे और उन्हें कनाडा में बैठे गैंगस्टर गोपी लाहौरिया ने लुधियाना में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए भेजा था।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और गुरुसर काउंके के पास एक हाईटेक चेकपॉइंट पर नाकाबंदी कर दी। जैसे ही बिना नंबर की बाइक वहां पहुंची, पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार बरामद हुए।
बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी लुधियाना में किसी व्यक्ति को निशाना बनाने की फिराक में थे। हालांकि, पुलिस की सतर्कता के कारण उनकी साजिश वारदात से पहले ही नाकाम हो गई।
गहन पूछताछ जारी
पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों और उनकी भविष्य की योजनाओं को लेकर गहराई से पूछताछ कर रही है। कनाडा में बैठे गैंगस्टर गोपी लाहौरिया को भी इस मामले में नामजद किया गया है।
कौन है गैंगस्टर गोपी लाहौरिया
पंजाब के मोगा का गैंगस्टर गोपी लाहौरिया राज्य में सक्रिय हो गया है। गोपी व्यापारियों को फोन कर रंगदारी मांगने की धमकी अक्सर देता रहता है। गोपी लाहोरिया करीब साढ़े 3 साल पहले मोगा छोड़कर विदेश भाग गया था। वहीं से अपने गैंग को चल रहा है। गैंगस्टर गोपी लाहौरिया के खिलाफ 7 से अधिक मामले दर्ज हैं।
व्यापारी अगर उसे फिरौती नहीं देते तो वह नशेड़ियों को मोहरा बनाकर उन पर फायरिंग करवा देता है। गैंगस्टर गोपी लाहौरिया 10वीं तक पढ़ा है। इलाके में छोटे-मोटे झगड़ों से उसने अपनी गुंडागर्दी शुरू की थी। अब उसकी गिनती प्रदेश के बड़े गैंगस्टरों में होती है। गोपी हथियारों का शौकीन है। गोपी के परिवार में केवल उसकी मां और बहन है। उसके पिता का निधन हो चुका है। गैंगस्टर गोपी परिवार का इकलौता बेटा है।
राजा वडिंग को दी थी धमकी
2025 में कांग्रेस प्रदेश प्रधान राजा वडि़ंग को लाहौरिया ने धमकी दी थी। सोशल मीडिया पोस्ट कर गैंगस्टर ने कहा कि सिक्योरिटी के बीच बैठकर बातें करनी आसान हैं। एक बार सिक्योरिटी दूर रख के देख। पता चल जाएगा क्या होता है।
राजा वड़िंग ने तरन तारन चुनाव के दौरान कहा था कि क्या अब टेलीफोन पर गैंगस्टर अपना काम कराएगा। उन्होंने गैंगस्टरों के परिवारों पर पर्चा दर्ज कराने की बात कही थी। इस बयान के बाद से ही वड़िंग को धमकी मिल रही है।
बंबीहा गैंग से है संबंध
जानकारी के अनुसार, गोपी लाहौरिया का बंबीहा गैंग से काफी करीबी संबंध है। गोपी बंबीहा गैंग के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम देता है। गैंगस्टर के खिलाफ ज्यादातर मामले अवैध हथियारों की तस्करी और ड्रग तस्करी के हैं।
मोगा में गोपी का काफी दबदबा है। उसके गैंग के कुछ लोग अभी भी सक्रिय हैं। ये वो लोग हैं जो ड्रग की तस्करी और हथियार सप्लाई करते हैं। गोपी इन लोगों के संपर्क में रहता है।
2022 में विदेश भागा, चेहरा छिपाकर करता है पोस्ट
गोपी सोशल मीडिया पर भी किसी को अपना चेहरा नहीं दिखाता था। इंस्टाग्राम आदि सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी वह अपना चेहरा छिपाकर पोस्ट शेयर करता है। 2022 में जगराओं पुलिस ने पहला मामला दर्ज किया। उसके घर से कारतूस और मैगजीन बरामद हुई। मामला दर्ज होने पर वह विदेश भाग गया था।
अलग-अलग ऐप के जरिए करता है संपर्क
गोपी पंजाब में अपने साथियों से अलग-अलग ऐप के जरिए बात करता है, ताकि उसकी सही लोकेशन का पता न चल सके। वह व्यापारियों को जबरन वसूली के लिए ज्यादातर फर्जी नंबरों का इस्तेमाल करता है। पुलिस लगातार गोपी के गुर्गों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने गोपी द्वारा चलाए जा रहे कई जबरन वसूली रैकेट का भंडाफोड़ भी किया है।
इन वारदातों में रहा है मास्टरमाइंड
- 1- व्यापारी पर फायरिंग मोगा के शेख वाला चौक में नविका ऑनलाइन सॉल्यूशन कस्टमर सर्विस सेंटर के मालिक पर फायरिंग की थी। जिसमें दुकानदार से 32 बोर की पिस्तौल दिखाकर पैसे मांगे थे। दुकानदार फायरिंग में बाल-बाल बच गया।
- 2- गोपी गिरोह के 2 बदमाशों को किया था गिरफ्तार अप्रैल 2024 में मोगा पुलिस ने 2 बदमाशों को गिरफ्तार किया था, जो गैंगस्टर बंबीहा और गैंगस्टर गोपी लाहौरिया से जुड़े थे। दोनों को पुलिस ने 3.20 लाख रुपए फिरौती और हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। 1 मार्च को अमृतसर रोड स्थित बोपाराय इमिग्रेशन में 2 अज्ञात हमलावरों ने ऑपरेटर को जान से मारने के लिए फायरिंग की थी।
- 3- सितंबर 2025 को एक व्यक्ति ने गैंगस्टर गोपी लाहौरिया बता माडल टाउन के एक कारोबारी को धमकियां देकर 20 लाख रूपए की फिरौती मांगी गई।
- 4- नवंबर 2025 में पंजाब कांग्रेस के प्रधान व लुधियाना से सांसद राजा वड़िंग को गैंगस्टर गोपी लाहौरिया ने धमकी दी है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








