Buland kesari/जालंधर के बस्ती बावा खेल क्षेत्र के न्यू रतन नगर में एक फैक्ट्री में काम करने वाले युवकों के बीच हिंसक झड़प हो गई। पुरानी रंजिश और लड़की से जुड़े विवाद को लेकर दो युवकों ने मिलकर एक अन्य युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। उसके सिर पर चोट आई हैं। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
पीड़ित युवक ने आरोप लगाया है कि उसे जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, जबकि दूसरा पक्ष नशे की हालत में मारपीट करने की बात कह रहा है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुट गई है।
काम के बहाने बुलाकर बेरहमी से पिटा
पीड़ित युवक ने बताया कि वह और आरोपी काफी समय से एक ही फैक्ट्री में काम कर रहे हैं। घटना वाले दिन उसे पहले तो रोका गया और फिर अचानक दो युवकों ने उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने इतनी बेरहमी से पीटा कि उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला। मारपीट के दौरान वहां मौजूद लोगों ने उसे बचाने या बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की।
सीसीटीवी कैमरे में कैद वारदात
पीड़ित ने बताया कि जहां यह झगड़ा और मारपीट हुई, वहां पर फैक्ट्री के सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लगे हुए थे। पूरी वारदात कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। पीड़ित ने कहा कि मेरा कोई कसूर नहीं था, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत मुझे निशाना बनाया गया है।
पीड़ित का आरोप है कि उसकी पर्सनल चीजों और एक लड़की के मामले को बीच में घसीटकर ऐसा किया गया। वहीं दूसरी ओर, आरोपियों और फैक्ट्री से जुड़े कुछ लोगों का कहना है कि युवक नशे का आदी है। नशे की हालत में ही फैक्ट्री के भीतर विवाद खड़ा हुआ था।
जान से मारने की धमकियां
पीड़ित ने बताया कि मारपीट के बाद से उसे अलग-अलग अज्ञात फोन नंबरों से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। पीड़ित ने स्थानीय पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। फिलहाल पुलिस ने मामले की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








