Buland Kesari/ जालंधर: कपूरथला चौक के नजदीक स्थित सत्यम अस्पताल में 7 वर्षीय बच्चे की मौत के बाद देर रात माहौल तनावपूर्ण हो गया। बच्चे की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ रोष जताते हुए गंभीर आरोप लगाए और अस्पताल के बाहर बैठकर इंसाफ की मांग की।
जानकारी के मुताबिक, बच्चा सोमवार को छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। सिर में चोट लगने के बाद परिजन उसे इलाज के लिए सत्यम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कर लिया गया। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान उनसे अलग-अलग खर्चों के नाम पर लगातार पैसे जमा करवाए जाते रहे, जबकि बच्चे की वास्तविक स्थिति के बारे में उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
परिजनों के अनुसार, उन्होंने बच्चे को किसी अन्य अस्पताल में ले जाने की इच्छा जताई थी, लेकिन उन्हें काफी देर तक बच्चे से मिलने नहीं दिया गया। परिवार के सदस्य बच्चे को देखने के लिए अस्पताल स्टाफ से आग्रह करते रहे, लेकिन उन्हें अलग-अलग समय बताकर इंतजार करवाया जाता रहा।
इसी बीच परिजनों को बच्चे की हालत को लेकर अनहोनी की आशंका हुई। परिवार के सदस्यों ने अंदर जाने का प्रयास किया तो कथित तौर पर अस्पताल की सुरक्षा में तैनात बाउंसरों और गार्ड्स ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान धक्का-मुक्की होने का भी आरोप लगाया गया।
परिजनों के मुताबिक, बच्चे के चाचा किसी तरह अस्पताल के अंदर पहुंचे, जहां उन्हें बच्चे की मौत की जानकारी मिली। इसके बाद परिवार में मातम पसर गया और परिजन अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गए।
मृतक के पिता शमशेर ने आरोप लगाया कि यदि परिवार को बच्चे की गंभीर हालत के बारे में समय रहते जानकारी दी जाती, तो वे उसे किसी अन्य अस्पताल में ले जाने का फैसला कर सकते थे। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर बच्चे की मौत की जानकारी परिजनों से छिपाने और इलाज के नाम पर पैसे लेते रहने के आरोप भी लगाए।
परिवार के मुताबिक, कार्तिक उनका इकलौता बेटा था और उसकी तीन बहनें हैं। बेटे की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
हंगामे की सूचना मिलने के बाद 112 के जरिए पुलिस को जानकारी दी गई। थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल में मौजूद दोनों पक्षों से बातचीत की। थाना प्रभारी अनु के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। परिजनों के बयान और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, मृतक कार्तिक के शव को थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस सिविल अस्पताल लेकर गई। दूसरी ओर, मृतक के पिता शमशेर भी करीब एक महीने पहले राजमिस्त्री का काम करते समय छत से गिरकर घायल हुए थे, जिसके कारण उनके पैर में फ्रैक्चर हुआ था। बेटे की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
वहीं दूसरी और सत्यम अस्पताल प्रबंधन के मैनेजर धीरज गुप्ता ने कहा कि बच्चा जब अस्पताल पहुंचा था तो उसकी हालत बेहद गंभीर थी। उन्होंने कहा कि अस्पताल की ओर से इलाज में कोई भी कोताही नहीं बरती गई, बल्कि सारी सूचना साथ के साथ परिजनों को दी जाती रही है। उन्होंने अस्पताल पर लगने वाले सभी आरोपी को सिरे से नकारा

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.







