Buland kesari/लुधियाना में क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान मामूली कहासुनी ने गंभीर रूप ले लिया। पंजाब पुलिस के एक सिपाही और उसके साथियों पर करीब 6 हथियारबंद बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावारों ने दोनों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। हमलावर शराब के नशे में धुत थे।
उन्होंने न सिर्फ लाठियों और तेजधार हथियारों से पीड़ित पक्ष को पीटा, बल्कि सरेआम जान से मारने की धमकियां भी दीं। पुलिस ने इस मामले में मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
अब जानिए क्या है पूरा मामला:-
- खेल का सामान समेट रहे थे: शिकायतकर्ता जो स्वयं पंजाब पुलिस में कार्यरत है, ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 14 जून को वह लादियां कलां निवासी दोस्त के साथ कोल ग्राउंड में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में भाग लेने गया था। मैच खत्म होने के बाद जब वे दोनों अपना खेल का सामान समेट रहे थे।
- दोस्त और आरोपी के बीच बहसबाजी: इस दौरान उसके दोस्त जोबन और आरोपी काका के बीच किसी बात को लेकर बहसबाजी शुरू हो गई। बहस बढ़ती देख जब पीड़ित पुलिसकर्मी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की और विवाद का कारण पूछा। इस पर आरोपी काका बुरी तरह भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा।
- फोन कर बुलाए शराबी गुंडे: देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपी काका ने तुरंत फोन करके अपने जीजा, दोस्त सुमित और अपने पिता भोला को मौके पर बुला लिया। पिता, जीजा और दोस्त अपने साथ 5 से 6 अन्य अज्ञात युवकों को लेकर आए, जो पहले से ही भारी मात्रा में शराब पिए हुए थे और उनके हाथों में खतरनाक हथियार थे।
- हथियारों और डंडों से हमला बोल दिया: ग्राउंड में पहुंचते ही सभी ने मिलकर पंजाब पुलिस के जवान और उसके दोस्तों को चारों तरफ से घेर लिया। आरोपियों ने बिना कुछ सोचे-समझे गाली-गलौज करते हुए तेजधार हथियारों और डंडों से हमला बोल दिया। इस अचानक हुए हमले में पीड़ित और उसके दोस्तों को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं आरोपी धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
हैबोवाल पुलिस स्टेशन के एएसआई करमजीत सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर सूरज पुत्र भोला, काका, भोला, सुमित और अन्य अज्ञात हमलावरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 115(2), 118(1), 126(2), 351(2)(3), 191(3) और 190 के तहत 15-06 को मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








