Buland kesari/मोहाली में फेसबुक मार्केटप्लेस के जरिए एक NRI से ठगी का मामला सामने आया है। फेसबुक पर आईफोन खरीदने के बहाने एक युवती ने कनाडाई नागरिक को मोहाली के सेक्टर-85 स्थित वेव एस्टेट सोसाइटी में बुलाया। युवती ने ₹1.19 लाख का आईफोन ले लिया। मौके पर उसने केवल ₹20,000 दिए।
वहीं बाकी ₹99,000 की फर्जी ऑनलाइन पेमेंट रसीद दिखाकर फरार हो गई। पीड़ित NRI अमरिंदर सिंह हुंदल की शिकायत पर मोहाली की एनआरआई पुलिस ने दिल्ली निवासी आरोपी युवती जैसमीन कौर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।

अब 3 प्वाइंट में जानिए सारा मामला: –
- फेसबुक पर की डील: मोहाली में रहने वाले कनाडाई नागरिक अमरिंदर सिंह ने अपना iPhone 17 Pro Max बेचने के लिए फेसबुक मार्केटप्लेस पर लिस्टिंग डाली थी। इसके बाद जैसमीन नाम की युवती ने खरीदारी के लिए उनसे संपर्क किया और सौदा ₹1.19 लाख में तय हुआ।
- किराए के फ्लैट पर बुलाया: युवती ने अमरिंदर को सेक्टर-85 स्थित वेव एस्टेट के एक फ्लैट में बुलाया। वहां उसने आईफोन ले लिया और केवल ₹20,000 नकद दिए। बाकी ₹99,000 ट्रांसफर करने का दावा करते हुए उसने एक फर्जी ऑनलाइन ट्रांजैक्शन स्लिप (रसीद) दिखा दी, लेकिन उनके खाते में रकम कभी जमा नहीं हुई
- Airbnb फ्लैट लेकर रह रही थी ठग: जब अमरिंदर ने दोबारा फ्लैट पर जाकर जांच की, तो पता चला कि युवती जिस फ्लैट में ठहरी हुई थी, वह वास्तव में Airbnb के जरिए किराए पर लिया गया था। फ्लैट मैनेजर मिस्टर सोही ने बताया कि युवती ने उनके साथ भी किराए के मामले में धोखाधड़ी की है।
दिल्ली की रहने वाली है आरोपी महिला
पीड़ित अमरिंदर सिंह की लिखित शिकायत पर पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 316(2) (अमानत में खयानत) और 318(4) (धोखाधड़ी) के तहत मुकदमा नंबर 20 दर्ज किया है।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








