Buland kesari/लुधियाना के कस्बा मुल्लापुर दाखा में थाना सुधार के अधीन आने वाले गांव अकालगढ़ कलां में एक 35 वर्षीय युवक ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मरने वाले ने किन हालातों में फंदा लगाया है यह अभी जांच का विषय है। मृतक की पहचान अकालगढ़ कलां निवासी अमरजीत सिंह उर्फ दीपू के रूप में हुई है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल लुधियाना भेजा
पुलिस को शनिवार तड़के सूचना मिली, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल लुधियाना भेजा गया है। घटनास्थल या घर की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ।
पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 174 के तहत कार्रवाई शुरू की है। पत्नी ने पुलिस को बताया कि अमरजीत सिंह कुछ दिन पहले ही लुधियाना केंद्रीय जेल से जमानत पर रिहा हुआ था और तब से वह मानसिक तनाव से गुजर रहा था।
परिजनों ने लटकता देखा शव
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात परिवार के सदस्य घर के आंगन में सो रहे थे। देर रात अमरजीत सिंह कमरे में चला गया और छत से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब परिजन कमरे में गए, तो उन्होंने उसका शव लटका हुआ पाया। इसके बाद तुरंत गांव की पंचायत और पुलिस को सूचना दी गई।
जबरन वसूली के प्रयास में था मृतक पर पहले मामला दर्ज
मृतक की पत्नी ने किसी पर कोई शक जाहिर नहीं किया है और न ही किसी रंजिश की बात कही है। यह भी उल्लेखनीय है कि अमरजीत सिंह उर्फ दीपू के खिलाफ पहले जबरन वसूली के प्रयास का मामला दर्ज था।
कुछ समय पहले उसके भाई की नशे की ओवरडोज से मौत हो गई थी, जिसके बाद वह नशा तस्करों के खिलाफ सक्रिय हो गया था और इस कारण वह चर्चा में भी रहा था।
कुछ दिन पहले मिली थी जमानत
हालांकि, हाल ही में जमानत पर रिहा होने के बाद वह काफी शांत रहने लगा था। थाना सुधार के प्रभारी इंस्पेक्टर गुरदीप सिंह ने बताया कि फिलहाल धारा 174 के तहत कार्रवाई की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद यदि कोई संदिग्ध पहलू सामने आता है, तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.







