Buland kesari/लुधियाना के ताजपुर रोड स्थित संजय गांधी कॉलोनी में रविवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों में झड़प हुई। मामला इतना बढ़ गया कि पहले ईंट पत्थर व बोतलें चली और बाद में एक गुट ने फायरिंग कर दी। दोनों गुटों में करीब आधे घंटे तक झड़प चलती रही।
फायरिंग के बाद सहमे लोग अपने घरों में घुस गए और उन्होंने पुलिस को कॉल की। थाना डिवीजन नंबर 7 के एसएचओ गगनदीप सिंह मौके पर पहुंचे। हालांकि तब तक एक पक्ष वहां से जा चुका था। संजय गांधी कॉलोनी की महिलाओं ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
जांच के दौरान गोली के 2 खोल बरामद
पुलिस ने जांच के दौरान गोली के दो खोल बरामद किए। लोगों का कहना है कि कॉलोनी में हमला करने आए लोगों ने चार से पांच राउंड फायर किए। गनीमत रही कि गोलियां किसी को लगी नहीं।

गाड़ी के शीशे तोड़ने को लेकर हुआ विवाद
महिलाओं का कहना है कि कुछ दिन पहले उनके बच्चों ने दूसरे गुट के लोगों की कारों के शीशे तोड़े थे। तब हमने शीशे नए डलवा दिए थे और दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया था। उसी रंजिश को लेकर करीब 40 से 50 लोग आए और ईंट पत्थर चलाने लगे। महिलाओं का कहना है कि आरोपियों ने उनके घरों में बोतलें फेंकी और आग लगाने की धमकी दी।
जवाब में चले ईंट पत्थर
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब उन्होंने गली में ईंट पत्थर चलाने शुरू किए तो वो भी बाहर निकले और उनको भगाने के लिए ईंट पत्थर चलाने लगे। लोगों का आरोप है कि फिर उन्होंने फायरिंग करनी शुरू कर दी। फायरिंग के बाद मोहल्ले के लोग डर कर अंदर चले गए।

दोपहर की मारपीट का बदला लेने पहुंचे हमलावर
पुलिस जांच में सामने आया है कि विवाद की जड़ पुरानी रंजिश है। इलाके के ही रहने वाले आशीष और ग्रेवाल नाम के दो युवकों के बीच लंबे समय से तनातनी चल रही है। रविवार दोपहर को दोनों का आमना-सामना हुआ, जिसमें ग्रेवाल ने आशीष की बेरहमी से पिटाई कर दी।
इस दौरान आशीष के पैर में गंभीर चोट आई। दोपहर की पिटाई का बदला लेने के लिए आशीष ने रात को अपने 25 से 30 साथियों को इकट्ठा किया और हथियारों से लैस होकर संजय गांधी कॉलोनी में ग्रेवाल के घर पर धावा बोल दिया।

आशीष के गुट ने जैसे ही हमला किया दूसरे पक्ष की ओर से भी जवाबी कार्रवाई शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों ओर से पथराव होने लगा। चश्मदीदों के मुताबिक माहौल इतना खौफनाक था कि गलियों में सिर्फ पत्थर गिरने और चीखने-चिल्लाने की आवाजें आ रही थीं। इसी बीच उपद्रवियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिससे भगदड़ मच गई।
पुलिस को मिले खोल, CCTV खंगाल रही टीमें
वारदात की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 7 के एसएचओ गगनदीप सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के आने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से दो चले हुए कारतूसों के खोल बरामद किए हैं, जो इस बात की पुष्टि करते हैं कि मौके पर फायरिंग हुई थी।
पुलिस के अनुसार, आशीष और ग्रेवाल दोनों ही आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उन पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब कॉलोनी में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








