Buland kesari/अगर आपको कोई सरकारी दस्तावेज बनवाने या किसी सामाजिक योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन जमा करना है, तो 2 बजे से पहले सेवा केंद्र पहुंचकर काम निपटा लें। सेवा केंद्र कर्मचारियों ने पंजाब सरकार को दोपहर 2 बजे से हड़ताल पर जाने का अल्टीमेटम दिया है।
यूनियन ने स्पष्ट किया है कि यदि दोपहर 2 बजे तक वेतन जारी नहीं किया गया, तो कर्मचारी पेन डाउन और कंप्यूटर शटडाउन हड़ताल शुरू कर देंगे। इससे सेवा केंद्रों का कामकाज पूरी तरह ठप हो जाएगा। यूनियन ने घोषणा की है कि हड़ताल के दौरान सेवा केंद्रों में लोगों से आवेदन पत्र भी स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
90 हजार से 1 लाख आवेदन सेवा केंद्रों में प्राप्त
मिनिस्ट्रियल स्टाफ के बाद यदि सेवा केंद्रों की हड़ताल भी शुरू हो गई, तो आम जनता के अधिकांश सरकारी काम प्रभावित होंगे। सरकारी सेवाओं और दस्तावेजों के लिए आवेदन सेवा केंद्रों के माध्यम से ही जमा किए जाते हैं। पंजाब में प्रतिदिन करीब 90 हजार से 1 लाख आवेदन सेवा केंद्रों में प्राप्त होते हैं।

सेवा केंद्रों की हड़ताल से प्रभावित होने वाली प्रमुख सेवाएं
हड़ताल के दौरान सेवा केंद्रों में जाति, निवास (डोमिसाइल), आय और संपत्ति प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीकरण समेत अन्य दस्तावेजों के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इसके अलावा जमीन की जमाबंदी और फर्द की प्रति, एग्रीमेंट व एफिडेविट अटेस्टेशन, स्टाम्प पेपर संबंधी आवेदन, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन, वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन के आवेदन, ड्राइविंग लाइसेंस के आवेदन व नवीनीकरण, वाहन आरसी से जुड़े प्राथमिक कार्य तथा आधार कार्ड का नया नामांकन और अपडेट जैसी सेवाएं भी प्रभावित रहेंगी।
सीएम व कंपनी मैनेजमेंट का पुतला फूंकेंगे
यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि दोपहर 2 बजे तक वेतन जारी नहीं हुआ, तो कर्मचारी कामकाज ठप करने के साथ मुख्यमंत्री भगवंत मान और कंपनी प्रबंधन का पुतला भी फूंकेंगे। कर्मचारियों ने सभी जिला मुख्यालयों पर रोष प्रदर्शन करने का भी ऐलान किया है। शाम को बैठक के बाद हड़ताल जारी रखने या समाप्त करने पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

मिनिस्टिरयल स्टाफ की हड़ताल जारी
पंजाब स्टेट मिनिस्ट्रियल सर्विसेज यूनियन की हड़ताल दूसरे दिन भी पूरे राज्य में जारी है। डीसी कार्यालय, तहसील कार्यालय, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग समेत विभिन्न सरकारी विभागों का मिनिस्ट्रियल स्टाफ आज भी काम पर नहीं लौटा। यूनियन ने बताया कि कर्मचारी शुक्रवार को अलग-अलग जिलों से चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगे। वहां आयोजित महारैली में हिस्सा लेंगे।

Disclaimer:Buland Kesari receives the above news from social media. We do not officially confirm any news. If anyone has an objection to any news or wants to put his side in any news, then he can contact us on +91-98880-00404.








